Budget Session में बवाल: राहुल गांधी के भाषण पर हंगामा, 8 विपक्षी सांसद बजट सत्र से सस्पेंड

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 04:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा के बजट सत्र में मंगलवार को उस वक्त जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान चीन सीमा विवाद और अमेरिका के साथ हुए हालिया व्यापार समझौते को लेकर सरकार पर तीखे सवाल दागे। राहुल के आरोपों से सत्तापक्ष भड़क उठा और सदन का माहौल पूरी तरह गरमा गया।

हालात बिगड़ते देख लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सख्त रुख अपनाया और सदन की मर्यादा भंग करने के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद ये सांसद अब सदन की किसी भी कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

किन सांसदों पर गिरी गाज?

निलंबित किए गए सांसदों में अधिकांश कांग्रेस और सीपीएम से जुड़े हैं। इनमें—

  • अमरिंदर सिंह राजा वडिंग
  • डीन कुरियाकोस
  • चामला किरण कुमार रेड्डी
  • मणिकम टैगोर
  • गुरजीत सिंह औजला
  • हिबी ईडन
  • प्रशांत पोडोले
  • एस वेंकटेश्वरन

शामिल हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने विरोध के दौरान स्पीकर की कुर्सी की ओर कागज फेंके, टेबल पर चढ़कर नारेबाजी की और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई।

कैसे भड़का पूरा मामला?

दोपहर करीब 2 बजे लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई थी। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया। उन्होंने चीन के साथ सीमा विवाद और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

स्पीकर ने उन्हें विषय से भटकने पर टोका और बहस को तय एजेंडे तक सीमित रखने की सलाह दी। लेकिन राहुल द्वारा बार-बार इन्हीं मुद्दों को उठाए जाने पर स्पीकर ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसद भड़क उठे और सदन में नारेबाजी, हंगामा और अव्यवस्था फैल गई। स्थिति बिगड़ने पर लोकसभा की कार्यवाही 3 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

फिर शुरू हुई कार्यवाही, सस्पेंशन का ऐलान

जब सदन दोबारा बैठा तो स्पीकर ओम बिरला ने आठ सांसदों के निलंबन की घोषणा कर दी। इससे विपक्ष और उग्र हो गया। भारी शोर-शराबे के चलते लोकसभा की कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक के लिए टाल दी गई।

इससे पहले कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन सत्ता पक्ष उनकी आवाज दबाना चाहता है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो पूरे विपक्ष को ही निलंबित कर दिया जाए।

संसद के बाहर राहुल गांधी का बड़ा हमला

सदन से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे आरोप लगाए। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री दबाव में काम कर रहे हैं और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते से देश के हितों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन सच्चाई अब सामने आ रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News