राफेल विवाद: ऑडियो टेप को लेकर खुद के दांव में फंस गए राहुल गांधी!

Wednesday, Jan 02, 2019 - 06:00 PM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा में राफेल मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उस समय अपने ही दांव में फंस गए जब उन्हें मनोहर पर्रिकर से जुड़े ऑडियो टेप को चलाने की अनुमति नहीं दी गई। दरअसल राहुल गांधी ने गोवा के एक मंत्री का राफेल विमान सौदे से संबंधित कथित बातचीत की टेप को चलाने की अनुमति अध्यक्ष से मांगी, लेकिन आसन द्वारा नियमों का हवाला देते हुए इसकी इजाजत उन्हें नहीं दी गई। 



लोकसभा अध्यक्ष ने किया राहुल गांधी का विरोध
निचले सदन में राफेल मामले की चर्चा की शुरुआत के दौरान गांधी ने कहा कि वह राफेल से जुड़ा गोवा के एक मंत्री की बातचीत का ऑडियो प्ले करने की इजाजत चाहते हैं।  इस पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि वह ऑडियो सदन में प्ले नहीं कर सकते। गांधी ने कहा कि क्या वह ऑडियो का लिखित ब्यौरा पढ़ सकते हैं? इस दौरान सत्तापक्ष के सदस्यों ने ऑडियो प्ले करने या लिखित ब्यौरा पढऩे की गांधी की कोशिश का कड़ा विरोध किया और फिर दोनों तरफ से तीखी नोंकझोंक देखने को मिली।



जेटली ने साधा राहुल गांधी पर निशाना
 वित्त मंत्री अरूण जेटली ने विरोध करते हुए कहा कि पिछले बार जब राहुल गांधी ने फ्रांस के राष्ट्रपति से संबंधित बयान का जिक्र किया था तब वहां के राष्ट्रपति ने उनके बात का खंडन किया था। इस बार एक वीडियो का जिक्र कर रहे हैं। क्या उस वीडियो की पुष्टि करते हैं? या फिर यह विशेषाधिकार हनन और सदन से निष्कासन का मामला भी बनता है। लोकसभा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पहले इस ऑडियो को सत्यापित करें। 



गांधी ने कहा कि वह अगर सत्तापक्ष के लोगों की खुशी इसी में है तो वह ऑडियो प्ले नहीं करेंगे। इस पर जेटली ने कहा कि यह ऑडियो झूठा है, इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस दौरान हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही करीब पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।  

Anil dev

Advertising