लोकसभा चुनावः चौथे चरण में 64 फीसदी वोटिंग, कई दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद

Monday, Apr 29, 2019 - 08:39 PM (IST)

नेशनल डेस्कः चुनाव आयोग ने बताया कि सोमवार को लोकसभा के चौथे चरण के चुनाव में 64 फीसदी वोट पड़े हैं। इस चरण में नौ राज्यों की 72 सीटों के लिए मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत 116 सीटों पर मतदान हुआ था जिसमें 66 प्रतिशत वोट पड़े थे। वहीं 11 अप्रैल को हुए पहले चरण के तहत 91 सीटों पर मतदान हुआ था जबकि 18 अप्रैल को हुए दूसरे चरण में 95 सीटों पर वोट डाले गए थे। देश की 543 लोकसभा सीटों के लिए सात चरण में मतदान होना है और मतगणना 23 मई को होगी।

क्षेत्र वोटिंग%
राजस्थान 54.75%
उत्तर प्रदेश 45.08%
बिहार 44.33%
मध्य प्रदेश 57.77%
जम्मू (अनंतनाग) 9.37%
झारखंड 57.13%
महाराष्ट्र 42.52%
ओडिशा 53.61%
पश्चिम बंगाल 66.46%

केंद्रीय मंत्री और अमेठी से भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी भी अपने पति के साथ वोट करने पहुंची। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्री के मालिक मुकेश अंबानी भी अपने परिवार समेत मतदान करने के लिए घर से बाहर निकले। 

कई दिग्गजों की किस्मत दाव पर
इस चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत राजस्थान, पी.पी. चौधरी और एस.एस. अहलूवालिया अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बेगुसराय में छात्र राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति में आए कन्हैया कुमार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार के रूप में सिंह को टक्कर दे रहे हैं। जोधपुर में शेखावत का मुकाबला राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत से है जो कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा, समाजवादी पार्टी से डिंपल यादव, राष्ट्रीय जनता दल के अब्दुल बारी सिद्दिकी, कांग्रेस की उर्मिला मातोंडकर, संजय निरुपम, प्रिया दत्त, भाजपा के बाबुल सुप्रियो , स्वामी साक्षी महाराज, और दुष्यंत कुमार चुनावी मैदान में हैं। दुष्यंत कुमार राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे हैं। मुंबई उत्तर-मध्य में प्रिया दत्त को भाजपा की पूनम महाजन टक्कर दे रही हैं। मुंबई दक्षिणी सीट से शिवसेना के मौजूदा सांसद अरविंद गणपत सावंत और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।


इन लोकसभा सीटों पर चुनाव

राजस्थान की (13) सीटें: टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़-बारां।
उत्तर प्रदेश की (13) सीटें: शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, मिसरिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर,जालौन, झांसी, हमीरपुर।
बिहार की (5) सीटें: दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, मुंगेर।
मध्य प्रदेश की (6) सीटें: सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा
जम्मू (1): अनंतनाग
झारखंड की (3) सीटें: चतरा, लोहारदगा, पलामू
महाराष्ट्र की (17) सीटे: नंदूरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, मावल, शिरूर, शिरडी।
ओडिशा की (6): मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर
पश्चिम बंगाल की (8) सीटें: बेहरामपुर, कृष्णानगर, राणाघाट, बर्धमान पूर्व, बर्धमान-दुर्गापुर, आसनसोल, बोलपुर, बीरभूम

Seema Sharma

Advertising