प्रियंका चुनौती नहीं, यूपी में 71 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा: राजनाथ

Thursday, Jan 24, 2019 - 05:50 PM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा-बसपा गठबंधन को बड़ी चुनौती मानने से इंकार करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने गुरूवार को दावा किया कि समूचे विपक्ष को धता बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश की 80 सीटों में से कम से कम 71 पर विजय पताका लहराएगी। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बारे में सिंह ने कहा ‘‘ कुछ समय और इंतजार कीजिए। ’’ लखनऊ के सांसद ने यहां पत्रकारों से कहा कि प्रियंका वाड्रा के राजनीति में प्रवेश के बावजूद भाजपा उत्तर प्रदेश में अपनी रणनीति में कोई बदलाव नहीं करेगी। 

मोदी है देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता 
राजनाथ ने कहा ‘‘ हम नहीं समझते कि कांग्रेस या सपा-बसपा गठबंधन कोई चुनौती दे पाएंगे। प्रियंका की नियुक्ति कांग्रेस का अंदरूनी मामला है। वैसे भी मैने निजी तौर पर कभी भी विपक्षी नेताओं की राजनीतिक क्षमता को आंकने का प्रयास नहीं किया। ’’  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कुछ समाचार चैनलों द्वारा लोकसभा चुनाव परिणामों को लेकर प्रसारित सर्वेक्षण रिपोर्ट का भी खंडन किया और कहा ‘‘ ये चैनल पुराने रिकार्ड पर सर्वे कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता है और हम उत्तर प्रदेश में 71 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। ’’  सुल्तानपुर के भाजपा सांसद वरूण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने की संभावनाओं को दरकिनार करते हुये उन्होने कहा कि गांधी को लेकर गलत रिपोर्ट प्रसारित की जा रही हैं। वह उनसे 20 दिन पहले मिले थे। भाजपा को लेकर गांधी की निष्ठा पर सवाल नहीं खड़े नहीं किए जा सकते।  

आडवाणी अब भी हैं पार्टी के वरिष्ट नेता
मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा में बदलाव के बारे में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा ‘‘ भाजपा अपनी विचारधारा पर काम करने वाली पार्टी है जिसे बदला नहीं जा सकता। लाल कृष्ण आडवाणी अब भी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और पूरी पार्टी उनका सम्मान करती है। ’’ आगामी लोकसभा चुनाव में लखनऊ को छोड़कर किसी अन्य सीट पर चुनाव लडऩे की संभावनाओं को झुठलाते हुये सिंह ने कहा कि भाजपा उनका घर है और इस बार भी वह यहीं से किस्मत आजमाएंगे। उन्होने कहा ‘‘ जब मैं पहली बार गाजियाबाद से चुनाव लड़ा था तो उस समयआडवाणी और जेटली समेत पार्टी के तमाम नेताओं ने मरे निर्णय को गलत बताया था लेकिन तब भी मैं एक लाख से अधिक मतों से विजयी हुआ था । अब लखनऊ ही मेरा घर है। ’’  अगणी जाति के गरीबों को दस फीसदी आरक्षण के संबंध में श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जरूरत के मुताबिक काम करती है। 

Anil dev

Advertising