चुनावी चंदा: कांग्रेस का 'मिशन 500 करोड़'

Wednesday, Sep 19, 2018 - 10:43 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस के पास फंड की भारी कमी है। अब कांग्रेस नेतृत्व ने मिशन ‘500 करोड़’ के तहत चंदा जुटाने की योजना बनाई है। 2 अक्टूबर गांधी जयंती से लेकर 19 नवंबर इंदिरा गांधी की जयंती तक यह अभियान चलाया जाएगा। संगठन ने प्रत्येक बूथ कमेटी को 5000 रुपए डोनेशन जमा करने का टारगेट दिया है। इस तरह देशभर से करीब 10 लाख बूथों से 500 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत ने बताया कि संगठन की ओर से पहले भी घर-घर जाकर जनसंपर्क के जरिए चंदा जुटाने का अभियान चलाया जा चुका है। इस बार भी लोगों के बीच जाकर पैसा मांगेंगे, साथ ही राष्ट्रीय मुद्दों पर जनता से संवाद करेंगे।



कांग्रेस नेता के मुताबिक, निचली इकाइयों को हर घर से 5-10 रुपए तक जमा करने को कहा है। हाल में कांग्रेस के नए कोषाध्यक्ष बने अहमद पटेल ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और कोषाध्यक्षों से दिल्ली में मुलाकात की थी। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहमद पटेल और अशोक गहलोत ने प्रदेश अध्यक्षों और कोषाध्यक्षों से मंत्रणा की। इसके बाद घर-घर जाकर चंदा लेने और जनसंपर्क की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से ऑनलाइन डोनेशन भी मांगा जा रहा है। इससे पहले, कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने ऑनलाइन डोनेशन मांगा था। दिल्ली में आम आदमी पार्टी भी ऑनलाइन डोनेशन जुटाने के लिए विख्यात है। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि चुनाव में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हो सकता है। 



संगठन ने अपने नेताओं से खर्चों में कटौती करने का निर्देश भी दिया है। महासचिवों और प्रभारियों से कहा गया है कि वो अपने सहयोगी सचिवों को 1000 किलोमीटर से कम की यात्रा ट्रेन से करने की सलाह दें। अचानक जरूरत पड़ने पर ही हवाई जहाज का इस्तेमाल करें। साथ ही, यात्रा का कार्यक्रम एक साथ लंबा बनाएं, जिससे टिकट का खर्च बचे।

Anil dev

Advertising