लोकसभा चुनाव: AAP ने दिल्ली की चार सीटों के लिए उम्मीदवारों का किया ऐलान, जानें किसे कहां से मिला टिकट

Tuesday, Feb 27, 2024 - 04:37 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की चारों सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती को नई दिल्ली सीट से मैदान में उतारा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद इन नामों की घोषणा की गई।

आप ने दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती को नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से, कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार को पूर्वी दिल्ली सीट से, सहीराम पहलवान को दक्षिणी दिल्ली से और पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। दिल्ली के अलावा आप ने हरियाणा की कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट के लिए भी उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया गया है। पार्टी ने यहां से सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है।
 

पार्टी ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' की अपने सहयोगी कांग्रेस से हाथ मिलाया है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच हुए समझौते के तहत आप दिल्ली में चार और कांग्रेस तीन लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोकसभा की कुल सात सीट है।

 

rajesh kumar

Advertising