लोकसभा चुनावः इस चुनाव के सबसे युवा उम्मीदवार जिनकी PM मोदी खुद कर चुके हैं तारीफ

Tuesday, Mar 26, 2019 - 08:03 PM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी ने बेंगलुरु दक्षिण की लोकसभा सीट पर 28 वर्षीय युवा चेहरे एल. एस. तेजस्वी सूर्या को उम्मीदवार बनाया है। तेजस्वी कांग्रेस के दिग्गज नेता बीके हरिप्रसाद को चुनौती देंगे। भाजपा की यह सीट उसकी प्रतिष्ठा से जुड़ गई है। यहां से भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार सांसद थे, यदि तेजस्वी यह चुनाव जीत जाते हैं तो 17वीं लोकसभा में देश के सबसे युवा सांसद होने का रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो जाएगा।

भाजपा की ओर से सोमवार को उम्मीदवारी के नाम का ऐलान होने के बाद तेजस्वी सूर्या ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया और कहा, “"ओह माय गॉड। विश्वास ही नहीं होता! दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के पीएम और सबसे बड़ी पार्टी के अध्यक्ष ने 28 साल के एक व्यक्ति को बंगलूरू दक्षिण जैसी प्रतिष्ठित सीट के लिए चुना है। ये सिर्फ भाजपा में हो सकता है।"

तड़के करीब साढ़े तीन बजे उनका एक और ट्वीट आया जिसमें सूर्या ने लिखा, "ओके! नींद नहीं आ रही। बहुत उत्साह है। बेचैनी है। भविष्य के लिए कितनी उम्मीदें हैं। कितना काम करना है। जैसे एक जीवन काफी नहीं। अगर मोदी 68 की उम्र में 20 घंटे काम कर सकते हैं, हमें तो 28 की उम्र में कहीं ज्यादा काम करना चाहिए।

भाजपा के युवा चेहरे सूर्या अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं। बीते दिनों उन्होंने कहा था कि यदि आप नरेंद्र मोदी के साथ हैं तो इंडिया के साथ हैं। यदि आप प्रधानमंत्री के साथ नहीं तो आप एंटी इंडियन हैं। तेजस्वी प्रखर वक्ता और प्रभावी प्रचारकों में भी शामिल हैं। वह पार्टी के लिए कर्नाटक से बाहर पुणे, चेन्नई समेत कई राज्यों में चुनाव प्रचार अभियानों का जिम्मा संभाल चुके हैं। 

बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से टिकट के दावेदारों में भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी भी शामिल थीं। लेकिन तमाम दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व तेजस्वी सूर्या को अपना उम्मीदवार बनाया। इससे तेजस्विनी अनंत कुमार के समर्थकों में भारी नाराजगी है। इन नए घटनाक्रम से यहां पार्टी दो खेमों में बंटती नजर आ रही है। ऐसे में तेजस्वी सूर्या के सामने इस गुटबाजी से निपटना भी बड़ी चुनौती होगी। 

 

 

Yaspal

Advertising