Lok Sabha Election 2024: तीसरे चरण का मतदान समाप्त, अमित शाह, डिंपल यादव समेत दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद

punjabkesari.in Tuesday, May 07, 2024 - 09:13 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 निर्वाचन क्षेत्रों में 61.55 प्रतिशत मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में छिटपुट हिंसा की सूचना मिली हैं। चुनाव आयोग के रात आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक असम में सबसे अधिक 75.30 प्रतिशत मतदान हुआ, गोवा में 74.32 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 73.93 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि महाराष्ट्र में 54.98 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान समाप्त होने का आधिकारिक समय शाम छह बजे था, हालांकि इससे पहले (छह बजे से पहले) मतदान केंद्र पहुंच कतार में लगे मतदाताओं को अवसर प्रदान करने के कारण इसमें इजाफा किया गया।

आयोग के अनुसार, ये ‘‘अनुमानित'' आंकड़े हैं और जैसे-जैसे ब्योरा एकत्र किया जा रहा है, इनके बढ़ने की संभावना है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 57.34 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 67.07 प्रतिशत, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव में 65.23 प्रतिशत, कर्नाटक में 68.22 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 63.22 प्रतिशत मतदान हुआ। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 8.39 करोड़ महिलाओं सहित कम से कम 17.24 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र थे और 18.5 लाख अधिकारियों द्वारा संचालित 1.85 लाख मतदान केंद्र स्थापित किए गए।

गुजरात में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया। प्रधानमंत्री मोदी ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने अहमदाबाद के एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस चरण में कद्दावर नेताओं में केंद्रीय मंत्री शाह (गांधीनगर), ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मांडविया (पोरबंदर), पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रह्लाद जोशी (धारवाड़) और एसपी सिंह बघेल (आगरा) शामिल हैं।

इस चरण में भाजपा के लिए काफी कुछ दांव पर हैं क्योंकि पिछले चुनाव में उसने गुजरात, कर्नाटक और मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों की अधिकतर सीटों पर जीत हासिल की थी। उत्तर प्रदेश में, समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के परिवार के कुछ सदस्य इस चरण में किस्मत आजमा रहे हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता मैनपुरी में ‘‘बूथ लूटने'' की कोशिश कर रहे थे और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। यादव ने मैनपुरी निर्वाचन क्षेत्र के सैफई (इटावा) में अपना वोट डाला, जहां उनकी पत्नी और मौजूदा सांसद डिंपल यादव चुनाव लड़ रही हैं।

आयोग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में, आगरा में 51.53 प्रतिशत, एटा में 57.07, आंवला में 54.73, फतेहपुर सीकरी में 54.93, फिरोजाबाद में 56.27, बदायूं में 52.77, बरेली में 54.21, मैनपुरी में 55.88, संभल में 61.10 और हाथरस में 53.54 प्रतिशत मतदान हुआ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर मैनपुरी में ‘बूथ' लूटने के प्रयास का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लोगों ने पिछले चुनाव में भी बूथ लूटा था तब भी वे बुरी तरह हारे थे। ये फिर बूथ लूटने का प्रयास कर रहे हैं।'' उन्होंने कुछ जगहों पर वोटों में धांधली का भी आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कुछ जगहों से सूचना मिली है कि सरकार बल प्रयोग कर रही है। मतदान केंद्रों के बाहर अधिकारियों को तैनात किया गया है।'' बदायूं में ढोरनपुर के ग्रामीणों ने सड़क की मांग पर ध्यान न देने पर नेताओं के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News