बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद NDA को 283, यूपीए को 135 सीटों का अनुमान: सर्वे

Tuesday, Mar 19, 2019 - 09:59 AM (IST)

नई दिल्ली: टाइम्स नाऊ और वीएमआर के ताजा सर्वे के मुताबिक राजग को लोकसभा की 543 सीटों में से 283 सीटें मिल सकती हैं। वहीं संप्रग को 135 और अन्य को 125 सीटें मिल सकती हैं। टाइम्स नाऊ और वीएमआर के पिछले सर्वे में कहा गया था कि यदि लोकसभा चुनाव जनवरी में होते हैं तो राजग लोकसभा सीटों की आधी संख्या से 21 सीट कम रह जाएगा। इसके बाद बहुत सी घटनाएं हुईं। इनमें से एक अंतरिम बजट रहा जिसे बहुत लोकप्रिय कहा जा रहा है। 



इसके अलावा पुलवामा आतंकी हमले का बदला लेते हुए 26 फरवरी को बालाकोट में की गई एयर स्ट्राइक के बाद यह स्थिति बनी है। मार्च में यह सर्वे 16931 लागों को लेकर किया गया। सर्वे के मुताबिक उत्तर प्रदेश में राजग को 42 सीटें मिल सकती हैं। जबकि सपा, बसपा व रालोद गठबंधन को 36 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस को दो सीटें मिल सकती हैं। राज्य में लोकसभा की कुल 80 सीटें हैं। 



सर्वे के मुताबिक दिल्ली की सभी सात सीटें भाजपा के खाते में जा सकती हैं। जबकि हरियाणा की 10 सीटों में से भाजपा के खाते में आठ सीटें जाने की बात कही गई है। वहीं कांग्रेस को दो सीटें मिल सकती हैं। सर्वे में कहा गया है कि पंजाब की 13 में से 12 सीटें कांग्रेस को मिल सकती हैं। जबकि एक सीट आम आदमी पार्टी को मिल सकती है। 

Anil dev

Advertising