झारखंड में कुछ ढील के साथ 17 जून की सुबह छह बजे तक बढ़ा लॉकडाउन

Wednesday, Jun 09, 2021 - 11:01 PM (IST)

रांचीः झारखंड सरकार ने राज्य में ‘स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह' के नाम से लागू लॉकडाउन को कुछ छूट के साथ 17 जून सुबह छह बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। इस दौरान पहले की छूटों के साथ अब सिर्फ जमशेदपुर को छोड़कर शेष सभी 23 जिलों में सभी दूकानें सुबह छह बजे से शाम चार बजे तक खोली जा सकेंगी। हालांकि, मॉल, सिनेमा हाल, बार, विवाह घर, जिम, स्विमिंग पूल, शिक्षण संस्थान,स्टेडियम एवं क्लब पहले की तरह ही बंद रहेंगे। 

सरकार द्वारा जारी नए दिशानिर्देशों के तहत अब शनिवार शाम चार बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक राज्य में दवा एवं कुछ आवश्यक सेवाओं की दूकानों एवं प्रतिष्ठानों को छोड़कर शेष सभी दूकानें एवं प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रखे जाएंगे। झारखंड सरकार के प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज शाम यहां हुई राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ाकर 17 जून की सुबह छह बजे तक लागू रखने का निर्णय लिया गया। 

उन्होंने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह अब 17 जून की सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा और इस दौरान आज दी गयी छूटों के अलावा पहले से लागू अन्य सभी प्रतिबंध जारी रहेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में ई-पास को लेकर एक जून को जारी पुराने दिशानिर्देश अभी लागू रहेंगे जिसके तहत जिले के भीतर ई-पास की अनिवार्यता सभी के लिए खत्म कर दी गयी है लेकिन अंतर-जिला एवं अंतरराज्यीय आवागमन के लिए ई-पास अनिवार्य होंगे। 

उन्होंने बताया कि नये दिशा निर्देशों में जमशेदपुर को छोड़कर सभी जिलों में अब जेवर, कपड़ा, प्रसाधन सामग्री और जूतों की दूकानों को भी शाम चार बजे तक खोलने की छूट दे दी गयी है। पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में पिछले चौबीस घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 348 नए मामले आने और पांच मरीजों की मौत की वजह से अभी जेवर, कपड़ा, प्रसाधन सामग्री तथा जूतों की दूकानें खोलने की अनुमति नहीं दी गयी है। हालांकि पूर्वी सिंहभूम में भी शेष दूकानें शाम चार बजे तक खुल सकेंगी। 

Pardeep

Advertising