लॉकडाउन के अनलॉक होने के बीच दो राज्यों ने बढ़ाई टेंशन, 45 फीसदी केस सिर्फ महाराष्ट्र और तमिलनाडु मे

Saturday, Jun 13, 2020 - 01:38 PM (IST)

नई दिल्ली: एक तरफ एक जून से देश को अनलॉक करने की तैयारी है, वहीं देश में कोरोना वायरस की रफ्तार काफी डराने वाली है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक 11458 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या तीन लाख के आंकड़े को पार कर 3.09 लाख पर पहुंच गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 11458 नये मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 308993 हो गई। इस दौरान 386 लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 8884 हो गई। वहीं  भारत में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में है, जो देश के कुल मामलों के करीब 32 प्रतिशत हैं।  महाराष्ट्र में एक लाख से अधिक कोविड-19 के केस हैं। इसके अलावा 47796 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस राज्य में अब तक सबसे अधिक 3717 लोगों की जान जा चुकी है। 

तमिलनाडु में संक्रमितों की संख्या 40698 पर पहुंची
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे पायदान पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 40698 पर पहुंच गयी है तथा 367 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 22047 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है और देश में यह संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। राजधानी में कोरोना संक्रमण ने शुक्रवार को सबसे रौद्र रूप दिखाया और 2137 रिकॉर्ड नये मामलों से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 36 हजार को और रिकॉर्ड 71 मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 1200 को पार कर गई। दिल्ली में 36824 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1214 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 13398 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में राज्य महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 22527 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1415 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 15493 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं। 

उत्तर प्रदेश में 365 लोगों की मौत 
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अब तक 12616 कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 365 लोगों की मौत हुई है जबकि 7609 लोग इससे ठीक हुए हैं। राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 12068 हो गयी है तथा 272 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8898 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। मध्य प्रदेश में 10443 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं तथा 440 लोगों की इससे मौत हो गयी है जबकि 7201 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं। पश्चिम बंगाल में 10244 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 451 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक 4206 लोग ठीक हुए है। दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 5680 और कर्नाटक में 6516 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 80 और 79 है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4730 हो गई है और 53 लोगों की मृत्यु हुई है। हरियाणा में 70 , पंजाब में 63, बिहार में 36 , उत्तराखंड में 21, केरल में 19, ओडिशा में 10, असम और झारखंड में आठ, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में छह, चंडीगढ़ में पांच, पुड्डुचेरी में दो तथा त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 


 

Anil dev

Advertising