ऑफ द रिकॉर्ड: सरकार में महत्वपूर्ण मीडिया पदों के लिए लॉबिंग तेज

punjabkesari.in Thursday, Sep 19, 2019 - 04:19 AM (IST)

नेशनल डेस्कः केन्द्र सरकार में मीडिया प्रबंधन से जुड़े अहम पदों के लिए लॉबिंग जोर-शोर से शुरू हो गई है। अशोक मलिक के स्थान पर अजय कुमार सिंह को राष्ट्रपति का प्रैस सचिव नियुक्त किया गया है। 

अशोक मलिक ने 2 साल की सेवा के लिए जुलाई में यह पद छोड़ा है लेकिन हैरानी की बात यह है कि अजय कुमार को केवल 1 वर्ष का कार्यकाल दिया गया है। इसका मतलब यह है कि उनके सीमित कार्यकाल के कारण अनिश्चितता का माहौल बना रहेगा। इंडियन इंस्टीच्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन्स (आई.आई. एम. सी.) के महानिदेशक का पद भी पिछले 6 माह से खाली पड़ा है। इस पद पर के.जी. सुरेश का 3 साल का कार्यकाल रहा।

1 वर्ष पहले जगदीश ठक्कर के निधन के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय भी बिना पी.आर.ओ. के है। इसके अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भी दूरदर्शन के लिए क्रिएटिव हैड की तलाश में है ताकि दूरदर्शन को एक नया लुक दिया जा सके। प्रधान महानिदेशक का पद भी भरा जाना है क्योंकि इसके वर्तमान पदधारक 30 सितम्बर तक एक्सटैंशन पर हैं। इस संबंध में पी.एम.ओ. में के.जी. सुरेश के नाम पर काफी चर्चा है जोकि भगवा विचारधारा से संबंधित माने जाते हैं। 

कुछ लोगों का यह भी सुझाव है कि पी.एम.ओ. में विदेश सेवा अथवा भारतीय सूचना सेवा का अधिकारी नियुक्त किया जाना चाहिए। फिलहाल प्रधानमंत्री ने पहले ही सूचना सेवा के एक अधिकारी को डैपुटेशन पर रखा हुआ है ताकि जगदीश ठक्कर की खाली हुई जगह को भरा जा सके। डी.जी., आई.आई.एम.सी. के पद के लिए विज्ञापन दिया गया था और इसके लिए कुछ नामों का पैनल शॉर्टलिस्टेड किया गया है। 

ऐसी जानकारी मिली है कि इसके लिए इंटरव्यू शीघ्र ही आयोजित किया जाएगा। इस पद के लिए राहुल महाजन सबसे आगे चल रहे हैं। वह राज्यसभा टी.वी. के एडीटर-इन-चीफ हैं। उसके बाद संजय द्विवेदी का नाम चर्चा में है जो माखन लाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय के मुखिया हैं। कुल 22 नाम शॉर्टलिस्टेड किए गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News