नए अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन का भी भारत से है खास कनैक्शन, मुंबई में रहते हैं 5 रिश्तेदार !

Monday, Nov 09, 2020 - 10:31 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका की नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ही नहीं बल्कि नए राष्ट्रपति चुने गए जो बाइडेन का भी भारत के साथ खास कनैक्शन सामने आया है। जानकारी के अनुसार जो बाइडेन की भी पैतृक जड़ें चेन्नई में हो सकती हैं। अभी तक गर्व की बात थी कि भारतवंशी कमला हैरिस अमेरिका की उपराष्ट्रपति चुनीं गईं हैं लेकिन अब चर्चा है कि नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन की जड़ें भी भारत के साथ जुड़ी हैं।

वर्ष 2013 में एक बार जो बाइडेन ने खुद ही ऐसे सवालों का जवाब दिया था। उस दौरान बाइडेन ने भारत के साथ अपना रिश्ता बताते हुए कहा था कि उनके दूर के रिश्तेदार मुंबई में रहते हैं। दो साल बाद वाशिंगटन में बाइडेन ने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि मुंबई में पांच बाइडेन रहते हैं। हांलाकि अभी तक मुंबई के किसी व्यक्ति ने उनका रिश्तेदार होने का दावा नहीं किया है। जो बाइडेन वर्ष 2013 में बतौर उप राष्ट्रपति जब भारत यात्रा पर आए थे तब उन्होंने मुंबई में कहा था कि वर्ष 1972 में जब वह पहली बार सीनेट के सदस्य बने थे तो उन्हें मुंबई में रह रहे एक बाइडेन का पत्र मिला था।

इस पत्र के माध्यम से उन्हें बताया गया था कि भारत के बाइडेन और जो बाइडेन के पूर्वज एक ही हैं। खत में ये भी लिखा था कि उनके पूर्वज 18वीं सदी में ईस्ट इंडिया कंपनी में काम करते थे। बाइडेन ने 2015 में वाशिंगटन में एक सभा में कहा था, “भारत के मुंबई में पांच बाइडेन हैं। ” उपराष्ट्रपति के रूप में भारत की अपनी पहली यात्रा पर 2013 में जब बाइडेन मुंबई आए थे तब उन्होंने उस पत्र के बारे में जिक्र किया था, जो उन्हें तब मिला था जब दशकों पहले वह पहली बार सीनेट के सदस्य बने थे। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 24 जुलाई 2013 को दिए अपने भाषण में बाइडेन ने ‘मुंबई के बाइडेन' की कहानी सुनाई थी। सात साल पहले उन्होंने कहा था, “भारत और मुंबई में आना गर्व का विषय है।

बता दे कि लंदन के किंग्स कॉलेज के डिपार्टमेंट ऑफ वॉर स्टडीज में विजिटिंग प्रोफेसर टिम विलासी-विल्सी के मुताबिक 19वीं सदी में क्रिस्टोफर और विलियम बाइडेन नाम के भाई ईस्ट इंडिया कंपनी के लिए काम करते थे। प्रोफेसर ने कहा कि इन भाईयों ने लंदन और भारत के बीच सफर किया। 1843 में रंगून में मौत से पहले विलियम ने कई जहाजों की कमान संभाली थी।

Tanuja

Advertising