आसमान में IndiGo फ्लाइट पर गिरी बिजली, विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, 104 यात्री और 6 क्रू मेंबर बाल-बाल बचे

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 11:23 PM (IST)

लखनऊ/पटना : पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट पर हवा में अचानक बिजली गिर गई, जिससे विमान का अगला हिस्सा (रेडोम) क्षतिग्रस्त हो गया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान हुए इस हादसे के बावजूद पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुरक्षित उतार लिया, जिससे विमान में सवार सभी 104 यात्री और 6 क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।

शेड्यूल समय से 8 मिनट पहले हुई सुरक्षित लैंडिंग
इंडिगो की फ्लाइट 6E925 पटना से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। लखनऊ हवाई अड्डे पर लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान विमान बिजली की चपेट में आ गया। इसके बावजूद विमान अपने निर्धारित समय (शाम 4:12 बजे) से करीब 8 मिनट पहले ही रनवे पर सुरक्षित रूप से उतर गया। विमान में सवार किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई और सभी सामान्य रूप से बाहर निकल आए।

पार्किंग बे में पहुंचने पर चला नुकसान का पता
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, जब एयरबस A320-251N (टेल रजिस्ट्रेशन VT-IQZ) रनवे से हटकर पार्किंग बे में खड़ा हुआ, तब विमान को हुए नुकसान का खुलासा हुआ। उड़ान के दौरान पायलटों को नुकसान की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। उन्होंने केवल एहतियात के तौर पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को बिजली गिरने की सूचना दी थी।

विमान का रेडोम क्षतिग्रस्त, DGCA को दी गई जानकारी
बिजली गिरने से विमान का अगला हिस्सा यानी 'रेडोम' क्षतिग्रस्त हुआ है, जो विमान के वेदर रडार (Weather Radar) को सुरक्षा प्रदान करता है। घटना के बाद विमान को लखनऊ में ही ग्राउंडेड कर दिया गया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को मानक प्रक्रिया के तहत घटना की जानकारी दे दी गई है। तकनीकी इंजीनियरों की जांच और आवश्यक मरम्मत के बाद DGCA से अनिवार्य मंजूरी मिलने पर ही इस विमान को दोबारा उड़ान भरने की इजाजत दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News