मनी लॉन्ड्रिंग केसः LG सक्सेना ने ठग सुकेश मामले में 82 अधिकारियों के खिलाफ EOW से जांच को दी मंजूरी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 19, 2022 - 04:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने ठग सुकेश चंद्रशेखर द्वारा रोहिणी जेल से चलाए जा रहे संगठित अपराध गिरोह में दिल्ली जेल विभाग के 82 अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को अनुमति दे दी है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उपराज्यपाल कार्यालय सूत्रों के अनुसार, उपराज्यपाल ने यह भी गौर किया है कि जेल विभाग वर्तमान में जेल में बंद आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और मंत्री सत्येंद्र जैन के अधीन था तथा उस दौरान "कैदियों से मोबाइल फोन जब्त किए जाने सहित कई गंभीर विवाद" हुए।
इसके बाद हाल ही में विभिन्न जेल परिसरों में और आसपास ‘जैमिंग' उपकरण लगाए गए। एक सूत्र ने कहा, "इसी प्रकार जेलों में भीड़भाड़, कैदियों के बीच हिंसक झड़प और पैरोल के बाद वापस नहीं आने वाले कैदियों ने विभाग को संकट में डाल दिया है। यह मामला जेल अधिकारियों की मिलीभगत से चंद्रशेखर द्वारा 200 करोड़ रुपए की जबरन वसूली से संबंधित है।" घटना के समय चंद्रशेखर को रोहिणी जेल की जेल संख्या 10 में रखा गया था।
EOW ने बताया था कि मामले में जांच के दौरान आरोपी द्वारा चलाए जा रहे गिरोह को मदद पहुंचाने के आरोप में सात अधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान पता लगा कि 82 अन्य अधिकारियों की भी इस मामले में भूमिका थी। अभी मंडोली जेल में बंद चंद्रशेखर पर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रवर्तक शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह जैसी चर्चित हस्तियों के सथ ही कई लोगों से 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है।