करीब 13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया गुजरात विधानसभा सचिवालय में घुसा तेंदुआ

Monday, Nov 05, 2018 - 04:26 PM (IST)

गांधीनगर: गुजरात के विधानसभा सचिवालय में रविवार की रात घुसे तेंदुए को घंटो मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया है। करीब 13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इसे राजभवन नर्सरी के पास से पकड़ लिया गया। यह तेंदुआ तड़के लगभग 2 बजे सचिवालय परिसर के गेट नंबर 7 के नीचे से घुसा था। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ जब अंदर घुसते हुए कैद हुआ तो अधिकारियों के होश उड़ गए इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी गई। तेंदुए को पकड़ने के लिए 350 वन और पुलिसकर्मी लगाए गए थे। इसके चप्पे चप्पे को छान मारा गया पर करीब एक वर्ग किमी के क्षेत्र वाले सचिवालय परिसर में यह नहीं मिला। इसके बाद तेंदुए को राजभवन नर्सरी के पीछे के क्षेत्र में देखा गया और वहां इसे घेर कर बेहोश कर पिंजरे में पकड़ लिया गया।

वन विभाग के अधिकारी के मुताबिक इसे प्राथमिक उपचार के बाद दूर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि अहमदाबाद से लगभग 26 किमी उत्तर में स्थित राजधानी गांधीनगर में बड़ी संख्या में पेड़ पौधे हैं। इससे 30 किमी दूरी पर वन क्षेत्र भी है। इसलिए हो सकता है कि तेंदुआ भटक कर सचिवालय में आ गया होगा। अब ऐसी घटना दोबारा न हो इसलिए एहतियात के तौर पर सचिवालय के गेट में नीचे भी लोहे के सरिये लगाए जा रहे हैं ताकि फिर ऐसा कोई जंगली जानवर इसमें प्रवेश न कर पाए। राजधानी में तेंदुए को पकड़ने के लिए चलाये जा रहे इस अभियान के दौरान एहतियात के तौर पर कमांडो को भी तैनात किया गया था।

 

Seema Sharma

Advertising