12 फुट ऊंचे बिजली के खंभे पर लटकता मिला तेंदुआ, तारों से चिपके से दांत और जबड़ा

Tuesday, Jul 04, 2017 - 03:20 PM (IST)

नई दिल्लीः तेलंगाना में एक तेंदुआ बिजली के खंभे पर चढ़ गया जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना निजामाबाद जिले के मल्लारम वन क्षेत्र में हुई। वन विभाग के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि थानाकलन वन के पास स्थित पोल पर एक किसान ने जब तेंदुए के शरीर को लटकता हुआ देखा तो इसकी जानकारी विभाग को दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने बिजली की आपूर्ति काट दी और तेंदुए के शव को नीचे उतारा।

तेंदुए के शव का ऑटोप्सी (परीक्षण) करने के बाद स्थानीय वेटेनरी अस्पताल के डॉक्टरों ने शिकार किए जाने की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि तेंदुआ पेड़ समझकर खंभे पर चढ़ा होगा, जो दिखने में बिल्कुल किसी लंबे पेड़ की तरह है। आस-पास किसी भी तरह के पेड़ मौजूद न होने के कारण शायद वह खंभे पर चढ़ा हो। इससे पहले पशुओं और भेड़ की तलाश में तेंदुए पास के गांवों में देखे गए हैं।

तेंदुए को इस तरह बिजली खंभे पर लटकता हुआ पाया जाना हैरान करने वाला था। अधिकारी ने बताया कि तेंदुए के दांत और जबड़े बिजली के तार से चिपके हुए थे। पिछले साल महाराष्ट्र के बुलढाना जिले आधी रात में एक तेंदुआ मरा हुआ पाया गया था। तेंदुए का शरीर आधा जला हुआ था। बताया गया था कि तेंदुओं की मौत करंट लगने से हुई थी, लेकिन वहां बिजली के तार का कहीं नामों-निशान नहीं था। वहीं तेंदुए के आबादी वाले क्षेत्रों में घूमते हुए कई घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में ग्रामीणों द्वारा तेंदुए के आतंक से परेशान होकर मारने के भी मामले सामने आए हैं।

Advertising