AC Blast Reason: दिल्ली AC Blast से दहला देश, जानिए आखिर क्यों होता है धमाका और बचाव के लिए करें ये जरुरी काम
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 04:05 PM (IST)
Blast Reason: दिल्ली के विवेक विहार से आज सुबह AC blast की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यह हादसा इतना भयानक था कि मृतकों की पहचान DNA टेस्ट के आधार पर की जाएगी। देश में गर्मी का मौसम भी शुरु हो चुका है। बढ़ती गर्मी के बीच AC का प्रयोग भी ज्यादा होता है। लगातार प्रयोग और हाल ही सामने आई घटना ने AC में धमाकों को लेकर कई सवाल खड़े हैं। कुछ लोगों के मन में यह सवाल भी आता है कि आखिर AC में धमाका क्यों होता है और आप अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए क्या सावधानियां बरत सकते हैं:

गर्मी में क्यों फटते हैं AC?
विशेषज्ञों के अनुसार, AC ब्लास्ट के पीछे कोई एक वजह नहीं, बल्कि कई तकनीकी कारण हो सकते हैं:
- जब आप बिना ब्रेक के लगातार AC चलाते हैं तो कंप्रेसर ओवरहीट हो जाता है।
- पुरानी या ढीली वायरिंग के कारण शार्ट सर्किट हो सकता है।
- रेफ्रिजरेंट गैस का लीक होना और किसी चिंगारी के संपर्क में आकर आग पकड़ना।
- रखरखाव की कमी जैसे धूल जमने से मशीन पर दबाव बढ़ना।
- वोल्टेज का उतार-चढ़ाव भी अचानक ब्लास्ट का कारण बन सकता है।
हादसों से बचने के लिए अपनाएं ये 7 सुरक्षा उपाय
1. समय पर करवाएं प्रोफेशनल सर्विस
साल में कम से कम दो बार AC की सर्विस जरूर करवाएं। इससे मशीन पर लगी धूल और मिट्टी साफ होती है। इसके अलावा सर्विस के दौरान मैकेनिक गैस लीकेज और वायरिंग की भी जांच कर लेता है।
2. एयर फिल्टर को खुद साफ करें
हर 15-20 दिनों में AC के फिल्टर निकालकर साफ करें। अगर फिल्टर बंद होंगे, तो कूलिंग कम होगी और मशीन गर्म होने लगेगी। यह एक आसान तरीका है जिससे आप यूनिट पर दबाव कम कर सकते हैं।
3. AC को दें थोड़ा 'आराम'
AC को बीच- बीच में बंद करते रहें, यानि की लगातार न चलाए। इसके अलावा तापमान को 24°C से 26°C के बीच रखें। बहुत कम तापमान (जैसे 16°C या 18°C) पर कंप्रेसर लगातार चलता रहता है और उसके ट्रिप होने या गर्म होने का खतरा बढ़ जाता है।
4. बिजली के कनेक्शन और स्टेबलाइजर
AC को हमेशा एक मजबूत और अलग पावर सॉकेट (MCB के साथ) से जोड़ें। कभी भी घटिया क्वालिटी के एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल न करें। यदि आपके इलाके में बिजली कम-ज्यादा होती है, तो एक अच्छी क्वालिटी का वोल्टेज स्टेबलाइजर जरूर लगाएं।
5. आउटडोर यूनिट का रखें ख्याल
घर के बाहर लगी आउटडोर यूनिट (Condenser) के आसपास जगह खाली रखें। अगर उसके पास कचरा, पुराना सामान आदि पास पड़ा है तो हटा दें। ऐसा न करने पर गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाएगी और ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाएगा।
6. चेतावनी के संकेतों को न करें नजरअंदाज
अगर AC से कोई अजीब आवाज आए, जलने की बदबू आए, बार-बार बिजली ट्रिप हो या कूलिंग अचानक कम हो जाए, तो तुरंत AC बंद कर दें। यह संकेत है कि मशीन के अंदर कुछ बड़ा फॉल्ट होने वाला है।
7. कुशल मैकेनिक से ही करवाएं काम
पैसे बचाने के चक्कर में किसी भी नौसिखिए मैकेनिक से काम न करवाएं। हमेशा अधिकृत सर्विस सेंटर या अनुभवी टेक्नीशियन को ही बुलाएं। गलत फिटिंग या नकली पार्ट्स (जैसे लोकल गैस भरना) जानलेवा साबित हो सकते हैं।

