24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 299 नए मामले आए सामने, कुल संक्रमित 10 हजार से ज्यादा

Monday, May 18, 2020 - 11:45 AM (IST)

नई दिल्ली/डेस्क। राजधानी  दिल्ली में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा होता दिख रहा है। यहां पर सोमवार को 299 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 10,054 हो गई है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन में मरने वालों के आंकड़ें में इजाफा दिखाते हुए इनकी संख्या 160 बताई गई है। लेकिन ये कोरोना से मरने वालों का ताजा आंकड़ा नहीं है। बीते 24 घंटे में कोरोना से एक भी मौत नहीं दिखाई गई है। 

हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 24 घंटे में 283 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। इसके बाद कोरोना वायरस को हराकर ठीक होने वालों की संख्या 4485 हो गई है। दिल्ली में इस वक्त कोरोना के 5409 सक्रिय मामले हैं। वहीं 160 मरने वाले लोगों में से 50 वर्ष से कम आयु के 33 लोग, 50 से 59 के बीच की आयु के 45 लोग और 60 से अधिक उम्र के 82 लोग हैं 

 

50 साल से कम उम्र के 6850 लोग संक्रमित
कुल संक्रमितों की संख्या (10,054) में से 50 साल से कम उम्र के 7056 लोग संक्रमित हुए हैं। 50 से 59 साल की आयु के 1544 लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं 60 से अधिक आयु के 1454 लोग संक्रमित हैं। वहीं कोविड डेडिकेटेड अस्पतालों में कुल 1772 लोग भर्ती हैं। 160 लोग आईसीयू में और 22 लोग वेंटिलेटर पर हैं।

 

2142 कोरोना संक्रमित होम आइसोलेशन में
कोविड हेल्थ केयर सेंटर में 136 लोग भर्ती हैं। वहीं कोविड केयर सेंटरों में 625 लोग भर्ती हैं। वहीं 2250 कोरोना संक्रमित जिनमें लक्षण दिखाई नहीं दिए और जिनकी हालत सामान्य है वो होम आइसोलेशन में हैं। दिल्ली में अब तक 13,9727 सैंपल की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। वहीं 24 घंटे के अंदर कैट्स एंबुलेंस के लिए 205 कॉल आई है। वहीं हेल्पलाइन नंबर पर 1003 कॉल रिसीव किए गए हैं। दिल्ली में इस समय कुल 73 कनटेंमेंट जोन हैं। 

Murari Sharan

Advertising