बारिश के बाद मुंबई में लैंडस्लाइड, हाइवे पर गिरी चट्टान...सहम गए लोग

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2020 - 02:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मुंबई और निकटवर्ती ठाणे जिले में रातभर भारी बारिश के बाद कई जगह जलजमाव के कारण लोकल ट्रेन और यातायात सेवाएं मंगलवार को प्रभावित हुईं। वहीं मुंबई के समता नगर में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर मंगलवार को कांदीवली में भूस्खलन की घटना सामने आई है। इसके बाद एयरपोर्ट और शहर की ओर जाने वाले राजमार्ग को एक तरफ से बंद कर दिया गया है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मकर में पहाड़ी का एक हिस्सा गिर गया हालांकि, इसमें किसी नुकसान की खबर नहीं है। भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बस और कारें गड्ढे में फंसी नजर आईं। वहीं ठाणे में करंट लगने से एक की मौत हो गई।

 

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने लोगों से घर में रहने और आवश्यक सेवाएं मुहैया कराने वालों के अलावा सभी दुकानें मंगलवार को बंद रखने की अपील की है क्योंकि अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि रेलवे पटरी पर पानी भरे होने की वजह से सुबह हार्बर लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। वहीं पश्चिमी तथा मध्य लाइन पर भी सेवाएं प्रभावित हुईं। कोरोना वायरस के मद्देनजर मुंबई और उपनगर में लोकल ट्रेन सेवाएं केवल आवश्यक सेवाओं में लगे लोगों के लिए जारी है। अधिकारी ने बताया कि कांदीवली उपनगर के पास भूस्खलन से पश्चिमी उपनगर से दक्षिण मुंबई की ओर आने वाले मार्ग पर यातायात बाधित हुआ।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई के उपमहानिदेशक के. एस. होसालिकर ने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में सांताक्रूज वेधशाला सोमवार रात से 254 मिमी और दक्षिणी मुंबई के कोलाबा वेधशाला में इस दौरान 220 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि महालक्ष्मी में मौसम केंद्र में 172 मिमी, विद्याविहार में 159 मिमी, राम मंदिर और मीरा रोड मौसम केन्द्रों में 152 मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तरी मुंबई और ठाणे के अन्य मौसम केंद्रों में 150 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। अधिकारी ने बताया कि अगले 48 घंटे तक भी ऐसे ही बारिश जारी रहेगी। BMC ने बताया कि बायकुला, भांडुप और कुछ इलाकों में सड़कों से पानी निकालने के लिए उच्च क्षमता वाले पानी के पम्प लगाए हैं। BMC ने एक बयान में कहा कि लोग घर में रहें और बहार निकलने से बचें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News