j&k: बाहरी लोग करवा रहे फसलों को बर्बाद, भूमियों पर कर रहे कब्जा

Wednesday, Oct 03, 2018 - 06:27 PM (IST)

 कठुआ : छपाकी कला के ग्रामीणों ने राजस्व विभाग के कर्मियों, अधिकारियों पर इलाके में बाहरी लोगों को बसाने के आरोप लगाए हैं। बुधवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जिला भाजपा प्रधान प्रेम डोगरा की अगुवाई में डी.सी. रोहित खजूरिया से मिला। जिन्होंने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके इलाके में पिछले छह माह से बाहरी लोग आकर बस गए हैं और वो उनके खेतों में फसलों को खराब कर रहे हैं। जबकि इन्हें बसाने में राजस्व विभाग के कर्मी एवं अधिकारी सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन लोगों के मवेशी स्थानीय लोगों की फसलों को तबाह कर रहे हैं। जबकि ऐसा करने से जब उन्हें मना किया जाए तो वे स्थानीय लोगों को गत दिनों कठुआ में पेश आए दुष्कर्म एवं हत्याकांड जैसा मामला भुगतने की धमकी देते हैं। प्रेम डोगरा ने कहा कि बाहरी लोग दो सौ किलोमीटर दूर से आकर बस रहे हैं और एक साजिश के तहत डेमोग्राफी को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसे सहन नहीं किया जाएगा। यह बाहरी लोग यहां स्थानीय लोगों के खेतों में फसलों को मवेशियोंं से बर्बाद करवा रहे हैं, भूमियों पर कब्जा कर रहे हैं, दरियाओं किनारे डेरे बसाए जा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को इस बारे में सोचना चाहिए। 
 
 

Monika Jamwal

Advertising