नीतीश के प्रति लालू का बयान शर्मनाक: त्यागी

Wednesday, Jul 26, 2017 - 09:58 PM (IST)

नई दिल्ली: जनता दल (यू) के महासचिव के सी त्यागी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव का नीतीश कुमार के खिलाफ दिया गया बयान शर्मनाक है और उनकी बौखालाहट को दर्शाता है। कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद यादव द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए त्यागी ने कहा कि जद यू अध्यक्ष ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा लेकिन लालू प्रसाद यादव ने कुमार को ‘हत्यारा‘ बताया क्या उन्हें उनके मुख्यमंत्री बनते समय इसकी जानकारी नहीं थी। 


उन्होंने कहा कि कुमार पर हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज होने के जो कागजात यादव आज दिखा रहे हैं वह कुमार के मुख्यमंत्री बनने के दौरान उन्हें क्यों नहीं दिखे थे। यादव का यह बयान बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि यादव ने कुमार पर जिस तरह के आरोप लगाए हैं उसके बाद वह और उनकी पार्टी हमारे लिए अब छूने के योग्य भी नहीं है। राजद के साथ अब कोई बातचीत या रिश्ता नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मदद के लिए यादव जिम्मेवार हैं। त्यागी ने अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि जदयू 20 माह तक एक ऐसे संगठन के साथ रहा जिसे कुमार ने 22 विधायकों से 80 तक पहुंचाया। 

 

उल्लेखनीय है कि यादव ने आज आरोप लगाया कि हत्या के मामले में कुमार का नाम है और एक निचली अदालत ने उस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि कुमार ने चुनाव हलफनामे में इस मामले का जिक्र भी किया है। 


 

Advertising