EVM में गड़बड़ी नहीं तो क्यों बदली जा रही 10 लाख मशीनें: लालू
Monday, Apr 03, 2017 - 03:17 PM (IST)
पटना: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है तो इन मशीनों को क्यों बदला जा रहा है। यादव ने ट्वीट किया कि पांच राज्यों के चुनाव के पहले इन मशीनों को क्यों नहीं बदला गया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हाल ही में किए गए प्रदर्शन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि ईवीएम मशीन में गड़बड़ी है और किसी भी बटन को दबाने से किसी दल विशेष के पक्ष में ही वोट पड़ता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए इस तरह की गड़बड़यिां काफी खतरनाक साबित होंगी। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने ईवीएम मशीन में गड़बड़ी की रिपोर्ट मीडिया में आने के बाद आधुनिक ईवीएम मशीन खरीदने की बात कही है।
छेड़छाड़ मतलब??
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) April 3, 2017
जब गड़बड़ नहीं हो सकती तो क्यों 10 लाख EVM मशीनों को बदला जा रहा है?
5 राज्यों के चुनावों से पहले क्यों नहीं बदला गया? pic.twitter.com/92jyioat9n
भागवान के नाम पर लोग कर रहे राजनीति
लालू ने प्रशांत भूषण के कृष्ण को लेकर दिए बयान और साध्वी प्राची के बयानों की भी कड़ी निंदा की। लालू ने कहा कि देश में आजादी का मतलब यह हो गया है कि जिसके बारे में जो जी आये, कह दो। लोग भगवान का नाम और उनकी आड़ में राजनीति कर रहे हैं तो उनको कुछ बोलने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं।
सरकार करना चाहती है आरक्षण खत्म
लालू ने आरक्षण पर बोलते हुए कहा कि देश में एक साजिश के तहत सरकार नया कमीशन बनाने जा रही है ताकि मंडल कमीशन की सिफारिशें खत्म हो जाएं और दलितों, पिछड़ों का आरक्षण समाप्त हो जाये। यूपी सहित 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के हालिया नतीजों पर उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के प्रलोभन में फंस के वोट दे रही है।