लालू पर मोदी का पलटवार, कहा-कालेधन पर बोलने का इन्हें नहीं कोई नैतिक अधिकार

Friday, Nov 25, 2016 - 09:38 PM (IST)

पटना: बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के प्रधानमंत्री पर लगातार किए जा रहे हमलों पर पलटवार करते हुए कहा कि यादव नोटबंदी और काले धन के बारे में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मोदी ने शुक्रवार को यहां कहा कि चारा घोटाले के सजायख्ता और जमानत पर जेल से बाहर रह रहे यादव तथा अपने दस वर्षों के शासनकाल में अनेक घोटालों को जन्म देने वाली कांग्रेस को नोटबंदी और कालेधन पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
 

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कालेधन का समर्थन और नोटबंदी का विरोध करने वाले लालू प्रसाद बताएं कि क्या उनके शासनकाल में विभिन्न घोटाले के आरोप में उनके दस से अधिक मंत्रियों को जेल नहीं जाना पड़ा था। क्या वे खुद 700 करोड़ के चारा घोटाले के मामले में सजायख्ता नहीं हैं। भाजपा नेता ने कहा कि जिस लालू यादव ने जानवरों के चारे तक को नहीं छोड़ा। 


उन्होंने कहा कि जिनके राज में अलकतरा घोटाला, दवा घोटाला, कीटनाशक घोटाला, भूमि घोटाला समेत कई घोटाले हुए। तत्कालीन पथ निर्माण मंत्री इलियास हुसैन, पशुपालन मंत्री विद्यासागर निषाद, भोलाराम तूफानी सहित दर्जन भर मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में न केवल इस्तीफा देना पड़ा बल्कि जेल भी जाना पड़ा।


मोदी ने कहा कि इन घोटालों के कारण ही 15 साल तक बिहार में चले ‘मियां-बीबी’ के राज को ‘घोटालों का राज’ कहा गया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू यादव शुक्रवार को उस कांग्रेस के साथ खड़े होकर कालेधन का समर्थन और नोटबंदी का विरोध कर रहे हैं जिसके 10 वर्षों के शासनकाल में टूजी स्पैक्ट्रम घोटाला, कोयला घोटाला, आदर्श हाउसिंग घोटाला के जरिए हजारों-लाखों करोड़ के भ्रष्टाचार किया।

Advertising