लालू में गठबंधन तोडऩे की हिम्मत नहीं: सुशील मोदी

Monday, Jun 26, 2017 - 09:12 PM (IST)

पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानमंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ महागठबंधन में मचे घमासान के बीच आज कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव में गठबंधन तोडऩे की हिम्मत नहीं है क्योंकि उन्हें मालूम है कि यदि ऐसा हुआ तो हजार करोड़ की बेनामी सम्पत्ति के मामले में घिरे उनके मंत्री पुत्रों और परिवार को सबसे अधिक नुकसान होगा। 


मोदी ने यहां कहा कि राजद अध्यक्ष यादव लाख गीदड़भभकियां दें लेकिन गठबंधन तोडऩे की उनमें हिम्मत नहीं है। राजद अध्यक्ष यादव को यह अच्छी तरह से मालूम है कि यदि गठबंधन टूटा तो हजार करोड़ की बेनामी सम्पति के मामले में घिरे उनके पुत्र एवं स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और उनके परिवार के सदस्यों को सबसे अधिक नुकसान होगा। 


भाजपा नेता ने कहा कि राजद अध्यक्ष को अपने दोनों पुत्रों को बचाने के लिए राज्य सरकार का हर हाल में संरक्षण चाहिए। ऐसे में राजद के गरजने वाले बादल (प्रवक्ता) कभी बरसेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि अकेले चुनाव लडऩे की हिम्मत भी उम्रदराज और अक्सर बीमार रहने वाले यादव में अब नहीं रह गया है। 

Advertising