केरल में शिगेला का आतंक: सरकारी आयुर्वेद कॉलेज एक हफ्ते के लिए बंद, हॉस्टल के 25 से ज्यादा छात्र बीमार
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 01:44 PM (IST)
Kerala Health Alert : केरल में 'शिगेला संक्रमण' (Shigella Infection) के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राज्य में इसके फैलते खतरे के बीच त्रिपुनिथुरा स्थित सरकारी आयुर्वेद कॉलेज को एहतियात के तौर पर एक सप्ताह के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह बड़ा फैसला तब लिया गया जब कॉलेज के हॉस्टल (छात्रावास) में रहने वाले 25 से अधिक छात्र-छात्राओं में अचानक उल्टी और दस्त के गंभीर लक्षण पाए गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार (18 जून 2026) को इस घटना की पुष्टि की और पूरे राज्य में कड़े दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुरुआती मामले छात्राओं के छात्रावास से आए थे। इसके बाद छात्रावास के छात्रों में भी इसी तरह के लक्षण पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि छात्रावासों से पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं और कॉलेज प्रशासन को पानी के शुद्धिकरण (क्लोरीनेशन) के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: OTP और फिंगरप्रिंट के एक्टिवेट का झंझट खत्म: अब चेहरा दिखाते ही खुल जाएगा PF Account, जानें नया नियम
इसके अलावा प्रभावित छात्रों के नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें शिगेला संक्रमण हुआ है या किसी अन्य जीवाणु संक्रमण से वे प्रभावित हैं। राज्य में अब तक शिगेला के 91 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें इस महीने के भीतर पांच मामलों की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामलों में वृद्धि को देखते हुए राज्यभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। शिगेला एक जीवाणु संक्रमण है जो मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से फैलता है। इसके संक्रमण से दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन की शिकायत होती है।
