नहीं रहीं शास्त्रीय संगीत की मशहूर गायिका किशोरी अमोनकर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 04, 2017 - 02:22 AM (IST)

मुंबई: प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर का सोमवार देर रात निधन हो गया। सूत्रों ने बताया कि मध्य मुंबई स्थित आवास पर संक्षिप्त बीमारी के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस ने उनके निधन पर शोक जताया है। वह 84 साल की थीं।
अमोनकर का जन्म 10 अप्रैल 1932 को मुंबई में हुआ था। वह हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की दिग्गज गायिकाओं में शुमार थीं। अमोनकर जयपुर घराने से ताल्लुक रखती थीं और उन्होंने संगीत की दीक्षा अपनी माताजी से ली थी। कला और संगीत के प्रति उनके योगदान के लिए अमोनकर को 1987 में पद्म भूषण और 2002 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।