किरण रिजिजू का चीन काे जवाब, भारत के अंदरूनी मामलों में न दे दखल

Saturday, Apr 01, 2017 - 07:30 PM (IST)

ईटानगर: अगले हफ्ते दलाई लामा की अरूणाचल प्रदेश यात्रा को लेकर चीन के एेतराज पर पलटवार करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने आज कहा कि बीजिंग को भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देने से परहेज करना चाहिए। आगामी चार और 13 अप्रैल के बीच दलाई लामा अरूणाचल प्रदेश आने वाले हैं। गृह राज्य मंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘हम चीन के अंदरूनी मामलों में दखल नहीं दे रहे और उस देश को हमारे मामलों में दखल नहीं देना चाहिए।’ 

उन्होंने कहा कि लोगों की इच्छा के अनुसार दलाई लामा अरूणाचल की यात्रा पर आ रहे हैं। चीन ने कल कहा था कि भारत की आेर से तिब्बत के निर्वासित नेता को अरूणाचल यात्रा की अनुमति देने से द्विपक्षीय संबंधों को ‘गंभीर नुकसान’ होगा। चीन ने नई दिल्ली से ‘चुनने’ के लिए कहा था। एक महीने में दूसरी बार भारत को दी गई चेतावनी में चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि दलाई लामा को अरूणाचल यात्रा के लिए अनुमति देने के भारत के फैसले से वह गंभीर रूप से चिंतित है। गौरतलब है कि चीन अरूणाचल को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताकर उस पर दावा जताता रहा है।

Advertising