B'day Special: किरण को ऐसे हुआ था अनुपम से प्यार, स्टंट देख ढक लेती है पल्लू से मुंह

Thursday, Jun 15, 2017 - 12:30 PM (IST)

नई दिल्लीः अभिनेत्री और राजनेता के अलावा किरण खेर को हिंदी फिल्मों की पसंदीदा 'मां' के रूप में भी पहचाना जाता है। किरण आज  62 साल की हो गई हैं। 14 जून 1955 में पंजाब में जन्मी किरण खेर का बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक का सफर बहुत ही दिलचस्प रहा है। किरण का पालन-पोषण चंडीगढ़ में हुआ। उन्होंने चंडीगढ़ के ही इंडियन थिएटर ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन किया। किरण की शादी एक उद्योगपति से हुई। उद्योगपति गौतम बेरी और किरण दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। हालांकि दोनों की लव मैरिज थी। किरण और गौतम का बेटा भी था सिकंदर खेर। किरण इस रिश्ते से खुश नहीं थी और उन्होंने गौतम से तलाक ले लिया। इसके बाद 1985 में उनकी शादी बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर से हुई।

किरण-अनुपम की अनोखी लव स्टोरी
किरण और अनुपम खेर की मुलाकात चंढीगढ़ में हुई थी जहां दोनों एक थियेटर का हिस्सा था। तब दोनों पक्के दोस्त थे लेकिन दोस्ती कब प्यार में बदल गई, उन्हें भी पता नहीं चला। दोनों कोलकाता में एक प्ले करने गए थे जब उन्हें पहली बार प्यार का एहसास हुआ। किरण ने इस किस्से को लेकर कहा था, 'अनुपम तब कुछ अलग लग रहे थे। उन्होंने किसी फिल्म के लिए सिर मुंडवाया हुआ था। वो मेरे कमरे से जब लौटने लगा तो उसने मुझे देखा। उस पल में कुछ खास था दो हम दोनों ने महसूस किया था।

अनुपम ने ही किरण से अपने दिल की बात कही थी। एक दिन अनुपम किरण के घर आए और बोले, 'मुझे लगता है मैं तुमसे प्यार करने लगा हूं।' बस फिर क्या... किरण को भी महसूस हुआ कि इतने सालों की इस दोस्ती में कहीं न कहीं प्यार था। इसके कुछ समय बाद किरण ने अपने पति और अनुपम ने अपनी पत्नी को तलाक दे दिया और 1985 में शादी कर ली। अनुपम ने सिकंदर को अपना नाम दिया। काफी लोग नहीं जानते कि किरण और अनुपम की खुद की कोई औलाद नहीं है।

फिल्मी सफर
किरण खेर ने तकरीबन 34 फिल्मों और 6 टीवी सीरियलों में काम किया है। उनकी एक्टिंग के सफर की शुरुआत साल 1973 में पंजाबी फिल्म ‘आसरा प्यार दा’ से हई। बॉलीवुड में उनकी एंट्री 1990 श्याम बेनेगल की फिल्म 'सरदारी बेगम' से हुई। इसके बाद उन्होंने तुपर्णा घोष की बंगाली फिल्म बैरीवाली में काम किया। इस फिल्म में उन्हें नेशनल अवार्ड मिला। 2002 में शाहरुख खान की फिल्म ‘देवदास’ में किरण की बेहतरीन एक्टिंग को काफी सराहा गया। खेर ने बॉलीवुड की कई मशहूर फिल्मों में काम किया जिनमें- 'कभी अलविदा न कहना', 'मिलेंगे-मिलेंगे', 'वीर-जारा', 'देवदास', 'कर्ज', 'हम', 'मै हूं ना', 'दोस्ताना', 'इश्क', 'कुर्बान',  'फना',  'एहसास', 'अजब गजब लव', 'खूबसूरत' और 'टोटल सियापा' शामिल हैं।

टीवी सीरियल
किरण ने कई टीवी सीरियल में भी काम किया है। उन्होंने प्रतिमा, गुब्बारे, इसी बहाने शामिल हैं। कलर्स टीवी चैनल के रिएलिटी शो ‘इण्डियाज गोट टैलेंट’ में बतौर जज के रूप में आईं। इस शो में देशभर के लोग अपना टेलेंट दिखाते हैं। किरण कई बार लोगों के टफ स्टंट को देखकर अपनी साड़ी के पल्लू से मुंह ढक लेती हैं। शो में मल्लिका अरोड़ा और करण जौहर के सात उनकी केमिस्ट्री खूब पंसद की जाती है।

राजनीतिक सफर
किरण इस समय चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। साल 2014 में लोकसभा चुनाव में हिस्सा लेते हुए उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। भाजपा के टिकट पर वे चंडीगढ़ से चुनाव लड़ीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बंसल और आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और बॉलीवुड एक्ट्रेस गुल पनाग को हराकर जीत हासिल की थी।

किरण काफी लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने भ्रूण हत्या के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘लाडली’ में अहम भूमिका निभाई थी। इसके साथ  कैंसर के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘रोको कैंसर’ से भी वे जुड़ी रहीं। साल 2009 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन की। 2011 में चंडीगढ़ में हुए नगर निगम चुनाव में उन्होंने पार्टी के लिए अहम रोल निभाया। इसी साल उन्होंने अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में भी हिस्सा लिया। जब अन्ना के आंदोलन के बाद टीम के कुछ सदस्यों ने आम आदमी पार्टी बनाने का फैसला किया, तो उन्होंने इस बात का विरोध किया था।

Advertising