खुराना पंचतत्व में विलीन, दिल्ली में दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा

Sunday, Oct 28, 2018 - 08:14 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का रविवार की शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। भाजपा के वयोवृद्ध नेता को कई शीर्ष राजनीतिज्ञों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। खुराना के निधन के कारण दिल्ली की आप सरकार ने दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। खुराना (82) के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और दो बेटियां हैं। उनके एक बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना 1993 से 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 2004 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

खुराना के बेटे हरीश खुराना ने बताया कि उन्होंने कीॢत नगर स्थित आवास में शनिवार की रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुराना को श्रद्धांजलि अॢपत की। केन्द्रीय मंत्रियों रविशंकर प्रसाद, हर्षवर्धन, कलराज मिश्रा और विजय गोयल तथा दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद खुराना की अंतिम यात्रा दिल्ली भाजपा कार्यालय से निगमबोध घाट के लिए शुरू हुई जहां शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने खुराना के निधन पर शोक व्यक्त किया। उपराष्ट्रपति नायडू ने भी खुराना के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट््वीट किया, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना के निधन से बेहद दुखी हूं। उन्हें दिल्ली की वृद्धि एवं विकास में अत्याधिक योगदान देने के लिए याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।’

इस बीच दिल्ली सरकार ने खुराना के सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट््वीट किया,‘‘हम वयोवृद्ध नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मदनलाल खुराना के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हैं। उनके सम्मान में दिल्ली सरकार दो दिन का राजकीय शोक घोषित करती है।’’ 

shukdev

Advertising