सरकार को घेरने के लिए विपक्षी दलों की हुई बैठक, खरगे ने कहा-  राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा

Monday, Mar 20, 2023 - 12:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए आगे की रणनीति पर सोमवार को चर्चा की। सूत्रों के अनुसार, ये विपक्षी दल विभिन्न केंद्रीय एजेंसी के कथित दुरुपयोग और अडाणी समूह से जुड़े कथित घोटाले के मामले पर इस सत्र में सरकार को घेरने को लेकर एकजुट हैं। कांग्रेस के सदस्य ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी द्वारा दिए बयान को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारियो के उनसे आवास पर पहुंचने से जुड़े विषय को भी उठा सकते हैं। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में हुई बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सी वेणुगोपाल एवं जयराम रमेश, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के टी आर बालू, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के संजय राउत और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

लोकतंत्र में ये बोलने भी नहीं देते
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी लोकसभा में अपनी बात रख सकें, इसके लिए मंगलवार का समय मांगा गया है। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान राहुल गांधी की एक टिप्पणी को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के आवास पर पहुंचने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। यात्रा को पूरा हुए 46 दिन हो गए और वे अब पूछ रहे हैं कि आप किससे मिले थे? लाखों लोग इस यात्रा से जुड़े और उनसे (राहुल गांधी) मुलाकात की। अब कहा जा रहा है कि आप मिलने वालों की पहचान करिये। खरगे के अनुसार, राहुल गांधी ने संबंधित टिप्पणी जम्मू-कश्मीर की है और पुलिस इस बारे में यहां पूछ रही है। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह परेशान करने की कोशिश है। वे धमकाकर हमें कमजोर करना चाहते हैं, लेकिन हम डरने और कमजोर होने वाले नहीं हैं।

सत्तापक्ष संसद में बोलने नहीं देता, माइक बंद कर दिया जाता है
यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी सोमवार को संसद में बोलेंगे तो खरगे ने कहा, ‘‘कल के लिए समय मांगा है। अगर बोलने की अनुमति मिलती है तो जरूर बोलेंगे। बोलने के लिए ही तो हम प्रयास कर रहे हैं। लोकतंत्र में अगर बोलने नहीं देते हैं, मुश्किल होती है। उनका कहना था, (सत्तापक्ष) संसद में बोलने नहीं देता, माइक बंद कर दिया जाता है, फिर वो लोग हम पर लांछन लगाते हैं। एक व्यक्ति अपना निजी स्पष्टकीकरण देना चाहता है तो उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा है।

राहुल गांधी सोमवार को कर्नाटक और केरल के दौरे पर हैं। कर्नाटक के बेलगावी में वह जनसभा को संबोधित करेंगे तो केरल में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र के बारे में लंदन में दिए गए बयान पर माफी मांगने की मांग पर अड़े हुए हैं। रविवार को राजधानी में तुगलक लेन स्थित गांधी के आवास पर दिल्ली पुलिस के उच्चाधिकारी उनसे जानकारी लेने गये थे।

Anu Malhotra

Advertising