केरल बाढ़: नौसेना जांबाजों ने लकवाग्रस्त गर्भवती महिला को बचाया (Watch video)

Monday, Aug 20, 2018 - 05:30 PM (IST)

नई दिल्ली: बाढ़ से तबाह केरल में नौसेना के जांबाजों ने बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान में एक लकवाग्रस्त गर्भवती महिला को उसकी छत से हेलिकॉप्टर की सुरक्षा रस्सी के जरिए खींचकर बचाया है।  बेहद प्रतिकूल परिस्थितियों में सेना, वायु सेना और अन्य बचाव एजेन्सियों के साथ राहत बचाव अभियान में जुटी नौसेना ने ट्विटर पर एक वीडियो डाला है। इस वीडियो में नौसेना के जांबाज घर की छत पर व्हीलचेयर में बैठी इस महिला को सुरक्षा रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर में ऊपर लाते हुए दिखाई दे रहे हैं। महिला के शरीर का निचला हिस्सा लकवागस्त है।


 

इस महिला के घर की छत पर जाने का रास्ता बेहद संकरा था और इसलिए पायलट को बड़ी कुशलता के साथ हेलिकॉप्टर को एक जगह पर ही रोके रखना था। हेलिकॉप्टर के पायलट कैप्टन पी कुमार ने इस मामले में कोई चूक नहीं की। कैप्टन पी कुमार अपनी जांबाजी के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित हैं।  तीनों सेनाओं के जवान और अन्य एजेन्सियों के बचावकर्मी केरल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अपने हैरतअंगेज अभियानों से हर रोज सफलता की नयी इबारत लिख रहे हैं। 



नौसेना ने कुछ दिन पहले ही एक अन्य गर्भवती महिला को प्रसव से कुछ समय पहले बचाया था बाद में इस महिला ने मिलिट्री अस्पताल में स्वस्थ शिशु को जन्म दिया था।  केरल पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से बाढ़ की तबाही झेल रहा है और वहां साढ़े तीन सौ से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।  

 

Anil dev

Advertising