केरल बाढ़: यमराज पर भारी पड़े ''असली हीरो''

Monday, Aug 27, 2018 - 05:08 PM (IST)

कोच्चि: केरल में आई भीषण बारिश और बाढ़ में भारतीय सेना ने देवदूत जैसा काम किया है। भारतीय नौसेना ने अदम्य साहस दिखाते हुए इस दौरान हजारों लोगों की मदद की। भारतीय नौसेना ने मूसलाधार बारिश एवं बाढ़ से प्रभावित केरल में फंसे करीब 17,000 लोगों को बचाया। एक रक्षा प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी दी।  कोच्चि में प्रवक्ता कमांडर श्रीधर वारियर ने बताया कि नौसेना कर्मी केरल में ‘‘अभियान मदद’’ नामक बचाव मिशन का हिस्सा थे। उन्होंने अछ्वुत कौशल एवं साहस दिखाते हुए हजारों लोगों को बचाया। 



उन्होंने बताया कि अभूतपूर्व बारिश और बाढ़ का सामना कर रहे केरल में भारतीय नौसेना ने कुल 16,843 लोगों को वहां से सुरक्षित निकाला, इनमें से 1,173 को हवाई मार्ग के जरिए निकाला गया जबकि 15,670 को दल ने जेमिनी नौकाओं की मदद से बचाया। उन्होंने कहा, ‘‘यह उनका कौशल और बचाव के व्यवस्थित प्रयास ही थे कि किसी इलाके से किसी भी व्यक्ति की डूबकर मौत की खबर नहीं आई है।’’  वारियर ने बताया कि संयुक्त अभियान केन्द्र (जेओसी) के समन्वय में दक्षिणी नौसेना कमान (एसएनसी) के कमान, नियंत्रण एवं साजो सामान संगठन ने यह सुनिश्चित किया कि बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में नौसेना के जवान तैनात किए जाएं जो क्षमता का इस्तेमाल करते हुए अधिक से अधिक लोगों को बचाएं। 

उन्होंने बताया कि राज्य प्रशासन से मिली जानकारी और जमीन पर काम कर रहे दलों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर यह पता चला कि कमान के पास उपलब्ध संसाधनों के बहुत सावधानी से इस्तेमाल की योजना बनायी और जिन इलाकों से संकट में घिरे होने की सूचना वाले फोन अधिक आ रहे थे वहां दलों को तैनात किया गया।     


 

Anil dev

Advertising