मां स्टेज पर कर रही थी Dance, दूसरी तरफ सौतेले बाप की हैवानियत का शिकार हो रहा था मासूम, जिस्म पर...
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 03:34 PM (IST)
Kerala Toddler Death : केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के नेदुमंगड से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे अर्शीद की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस मौत को पहले एक सामान्य हादसा बताया जा रहा था वह असल में बेरहमी से की गई हत्या निकली। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट में साफ हो गया है कि बच्चे की जान गले में खाना फंसने से नहीं बल्कि लगातार की जा रही बेरहम पिटाई और शारीरिक प्रताड़ना के कारण गई है।
गुमराह करने के लिए बुनी गई झूठी कहानी
घटना वाले दिन मासूम अर्शीद अपने सौतेले पिता अश्कर के साथ घर पर अकेला था। बच्चे की हालत बिगड़ने पर अश्कर उसे अस्पताल लेकर पहुंचा और डॉक्टरों व पुलिस को गुमराह करने के लिए एक मनगढ़ंत कहानी सुनाई। अश्कर ने कहा कि वह बच्चे को चावल खिला रहा था तभी अचानक बच्चे ने उल्टी कर दी और खाना उसके गले की सांस नली में फंस गया। गंभीर और मरणासन्न हालत में बच्चे को तुरंत एसएटी (SAT) अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका।
यह भी पढ़ें: MP Road Accident: स्लीपर बस बनी आग का गोला, कांच तोड़कर बाहर कूदे 45 यात्री
तड़प रहा था बच्चा, तमिलनाडु में डांस कर रही थी मां
इस पूरे मामले का सबसे असंवेदनशील पहलू यह सामने आया है कि जब डेढ़ साल का यह मासूम घर पर अपने सौतेले पिता की प्रताड़ना झेल रहा था और जिंदगी की आखिरी सांसें गिन रहा था तब उसकी सगी मां अखिला उसे घर पर अकेला छोड़ तमिलनाडु में एक डांस प्रोग्राम (नृत्य कार्यक्रम) में हिस्सा लेने गई हुई थी। पुलिस की शुरुआती इन्क्वेस्ट (Inquest) रिपोर्ट ने सौतेले पिता के झूठ की धज्जियां उड़ा दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मासूम के नाजुक शरीर पर जगह-जगह गंभीर चोटों के निशान मिले हैं जो काफी पुराने और नए दोनों हैं। यह साफ तौर पर शारीरिक शोषण (Physical Assault) का मामला है।
कुछ समय पहले की बच्चे की तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें उसके दोनों हाथों पर प्लास्टर चढ़ा हुआ था। उस वक्त भी अश्कर और अखिला ने लोगों से झूठ बोला था कि बच्चा खेलते समय बिस्तर से गिर गया था। वहीं बच्चे की मौत पर शक होने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि सौतेला पिता अश्कर अक्सर बच्चे को बात-बात पर बुरी तरह पीटता था और उसे असहनीय यातनाएं देता था।
फिलहाल पुलिस ने बच्चे के शव को विस्तृत पोस्टमार्टम के लिए तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले में हत्या (Murder) की पुष्टि कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सौतेले पिता अश्कर और बच्चे के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने वाली मां अखिला को जल्द ही आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी।
