माकपा कार्यकर्ताओं ने की कांग्रेस नेता की हत्या

Tuesday, Feb 13, 2018 - 11:09 AM (IST)

कन्नूर: कन्नूर जिले के मत्तानूर में कथित तौर पर माकपा के कार्यकर्ताओं ने युवक कांग्रेस के 29 वर्षीय एक कार्यकर्ता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आज बताया कि यह घटना कल रात उस समय हुयी जब कार से आए चार हमलावरों ने एसपी सुहैब तथा पार्टी के दो अन्य सदस्यों पर देसी बम फेंका और धारदार हथियार से हमला किया। 

सुहैब मत्तानूर प्रखंड युवक कांग्रेस का सचिव था। जिस समय हमला किया गया उस समय वह थेरूर और रियाज के साथ सड़क के किनारे चाय की एक दुकान पर खड़ा था।  पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सुहैब को थालचेरी स्थित इंदिरा गांधी को-ओपरेटिव अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्तियों की हालत स्थिर है।  पुलिस ने संदेह व्यक्त किया है कि यह पिछले सप्ताह इलाके में हुयी ङ्क्षहसा के मामलों से संबद्ध है।  

भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा तीन और पांच के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।  पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।  इस बीच कांग्रेस ने कल के हमलों के विराध में जिले में सुबह से लेकर शाम तक बंद रखने की घोषणा की है।  

Advertising