कोरोना संकट: दिल्ली के हालात को लेकर LG के साथ फिर बैठक करेंगे केजरीवाल

Wednesday, Apr 21, 2021 - 11:08 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  दिल्ली में कहर मचा रहे कोरोना संकट के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में ऑक्सीजन सप्लाई, कोरोना वायरस के  बढ़ते  मामलों और मौतों पर चर्चा होगी। इससे पहले केजरीवाल ने केंद्र सरकार से ‘‘हाथ जोड़कर'' अपील की थी कि दिल्ली को मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाए और कहा कि कुछ अस्पतालों में कुछ घंटे में ऑक्सीजन खत्म होने वाली है।

राजधानी में बना हुआ है गंभीर संकट
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि राजधानी में ऑक्सीजन का गंभीर संकट बना हुआ है। मैं एक बार फिर केंद्र से आग्रह करता हूं कि दिल्ली को जल्द से जल्द ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाए। कुछ अस्पतालों में कुछ घंटे की ही ऑक्सीजन बची हुई है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि दिल्ली को तुरंत ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाए।'


महानगर में अफरा-तफरी की स्थिति हो सकती है: सिसोदिया
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी कहा था कि अगर बुधवार सुबह तक स्टॉक नहीं भरा गया तो महानगर में अफरा-तफरी की स्थिति हो जाएगी। दिल्ली में आईसीयू बिस्तर भी तेजी से भर रहे हैं। महानगर सरकार के ‘दिल्ली कोरोना ऐप' के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में शाम आठ बजे तक कोरोना वायरस मरीजों के लिए केवल 30 बिस्तर उपलब्ध थे।


दिल्ली में ऑक्सीजन की भारी कमी
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के अधिकतर अस्पतालों में केवल आठ से 12 घंटे तक का ऑक्सीजन बचा हुआ है। इस नोट के मुताबिक, लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, बुराड़ी अस्पताल, आंबेडकर अस्पताल, संजय गांधी अस्पताल, बी एल कपूर अस्पताल और मैक्स अस्पताल पटपड़गंज उन अस्पतालों में शामिल हैं जहां केवल आठ से 12 घंटे तक का ऑक्सीजन बचा हुआ है। सर गंगाराम अस्पताल ने कहा कि उनके पास केवल आठ घंटे का ऑक्सीजन बची हुई है।

vasudha

Advertising