पूर्व फौजी के सुसाइड पर सियासत: CM केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने किया रिहा

Thursday, Nov 03, 2016 - 01:41 AM (IST)

नई दिल्ली: चार घंटे से अधिक समय की हिरासत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगभग आधी रात के समय आरके पुरम थाने से रवाना हो गए। उन्हें कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले पूर्व सैनिक के परिवार से मिलने की कोशिश के चलते हिरासत में लिया गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया,‘‘केजरीवाल को लेडी हार्डिंग अस्पताल से शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर हिरासत में लिया गया और उन्हें आरके पुरम थाने लाया गया क्योंकि वहां मीडिया या राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी नहीं थी।’’

रिहाई के बाद सीएम ने थाना छोडऩे से किया मना
CM केजरीवाल ने पुलिस द्वारा रिहा किए जाने के बावजूद आज आरके पुरम थाना छोडऩे से मना कर दिया जहां उन्हें हिरासत में रखा गया था। हालांकि, केजरीवाल ने दावा किया कि आत्महत्या करने वाले पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल के परिवार से मिलने की इच्छा व्यक्त किए जाने के बाद उन्हें अब भी हिरासत में रखा जा रहा है। ग्रेवाल ने एक रैंक एक पेंशन के मुद्दे पर कथित तौर पर जहर पीकर आत्महत्या कर ली थी। केजरीवाल ने थाने से ट्वीट किया कि संसद मार्ग थाने में करीब 10 घंटे तक हिरासत में रखे गए और बाद में रिहा किए गए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उनसे मिलने आए। उन्होंने ट्वीट किया,‘‘मनीष यहां आरके पुरम थाने पहुंचे जहां मैं अब भी हिरासत में हूं।’’ बाद में वह उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और अन्य वरिष्ठ आप नेताओं के साथ थाने से रवाना हुए। 
 

Advertising