अमिताभ बच्चन के कोरोना पॉजिटिव होने पर केजरीवाल का ट्वीट, आपके साथ अरबों लोगों की दुआ

Sunday, Jul 12, 2020 - 09:37 AM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोनो से लड़ रहे महानायक अमिताभ बच्चन के जल्दी ठीक होने की कामना की है। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सर आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है, आपके साथ अरबों लोगों की दुआएं हैं। बता दें कि शनिवार रात अमिताभ बच्चन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिसके बाद उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल की तरफ से अमिताभ बच्चन का हेल्थ बुलिटिन जारी किया गया और बताया गया कि उनकी हालत स्थिर है और उनमें कोरोना के हल्के लक्षण हैं। उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। अभिनेता अभिषेक बच्चन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अभिषेक को भी मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

अभिषेक ने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। वहीं अमिताभ के परिवार में जया बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन और पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावडेकर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी अमिताभ बच्चन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

डॉ हर्षवर्धन ने अमिताभ बच्चन और उनके पुत्र अभिषेक बच्चन के कोरोना वायरस Covid-19 के संक्रमण से मुक्त होने की कामना करते हुए कहा कि आपलोग हमारे दिलों पर राज करते हैं और हमारी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं। डॉ हर्षवर्धन ने अभिषेक बच्चन के ट्वीट के जवाब में कहा ,‘‘ सबसे मनमोहन मुस्कान वाले युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता को मेरी शुभकामनाएं। आप अपना और अपने पिता का ख्याल रखें। मुझे भरोसा है कि आप जल्द ही स्वस्थ होंगे। बच्चन हमारे दिलों पर राज करते हैं और हमारी प्रार्थनाएं आपके साथ हैं।

Seema Sharma

Advertising