मनोज तिवारी का आरोप- केजरीवाल सरकार कांग्रेस की B टीम

Sunday, Nov 05, 2017 - 02:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के पैरवीकार बनने के फैसले के बाद से ही राजनीति गरमा गई है। जहां इस फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए अजय माकन और संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था वहीं भाजपा ने आप को कांग्रेस की ‘बी’ टीम बताया। दिल्ली भाजपा के प्रमुख मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि ‘आप’ का कांग्रेस के साथ क्या संबंध है यह सबके सामने आ गया। यह शुरू से ही कांग्रेस की ‘बी’ टीम है।

कांग्रेस जल्द हो सकती है आप में शामिल 
तिवारी ने कहा कि कांग्रेस इनके साथ मिलकर दिल्ली में सरकार भी बना चुकी है। वहीं, कई राज्यों में कांग्रेस उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि शुरू से ही माना जाता था कि केजरीवाल दल असल में कांग्रेस की ‘बी’ टीम है। अब चिदंबरम के केजरीवाल सरकार का वकील बनने के समाचार ने इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी बी टीम के असंवैधानिक कार्य में उसका साथ दे रही है। आने वाले दिनों में यह भी संभव है कि दिल्ली में अजय माकन के नेतृत्व में कांग्रेस ‘आप’  में शामिल हो जाये। 

तिवारी की यह टिप्पणी चिंदबरम द्वारा उस न्यायिक टीम में शामिल होने के बाद आई है जो दिल्ली उच्च न्यायालय के उस फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर बहस करेगी जिसमें कहा गया है कि उपराज्यपाल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का प्रशासनिक प्रमुख होता है। सर्वोच्च न्यायालय में चिदंबरम द्वारा आप सरकार का प्रतिनिधित्व करने की घोषणा आप सरकार के स्थायी सलाहकार राहुल मेहरा ने सोमवार को की थी। 
 

Advertising