''केजरीवाल को अपने मंत्रियों और विधायकों के भ्रष्टाचार नजर नहीं आते''

Monday, Apr 10, 2017 - 10:10 PM (IST)

नई दिल्ली: केन्द्रीय युवा और खेल मंत्री विजय गोयल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कड़ा प्रहार करते हुए सोमवार को कहा कि वह केजरीवाल स्वयं धृतराष्ट्र हो गए हैं और उन्हें अपने मंत्रियों और विधायकों के भ्रष्टाचार नजर नहीं आ रहे हैं। केजरीवाल के 16 हजार रुपए प्रति थाली के कथित लंच का मामला सामने आने पर गोयल ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर विरोध-प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग को धृतराष्ट्र कहे जाने पर केजरीवाल के बयान पर तेज हमला करते हुए गोयल ने कहा कि उन्हें अपने मंत्रियों और विधायकों का भ्रष्टाचार दिखाई नहीं दे रहा है। 


एक के बाद एक केजरीवाल मंत्रिमंडल के मंत्रियों के घोटाले सामने आ रहे हैं और वह आंख मूंद कर बैठे हैं। दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष गोयल ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के चुनावों में पार्टी की सन्निकट हार को देखते हुए केजरीवाल बौखला गए हैं और चुनावों में हिस्सा लेने के बजाय इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में गड़बड़ी का मुद्दा उठाकर भागने के फिराक में हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की ओछी राजनीति का पर्दाफाश हो गया है और पंजाब और गोवा के बाद दिल्ली निगमों के चुनावों में भी उनका सूपड़ा साफ हो जाएगा। 


केजरीवाल ने जनता के गाढ़ी कमाई को अपनी मौज मस्ती के लिए इस्तेमाल करने से कोई गुरेज नहीं किया। इससे साफ झलकता है कि पारदर्शिता और नैतिकता का दम भरने वाले केजरीवाल अपने निहित स्वार्थ के लिए पद का दुरुपयोग और भ्रष्ट नीतियों में पूरी तरह लिप्त हैं। दिल्ली की जनता पिछले दो साल से केजरीवाल सरकार से बुरी तरह त्रस्त है और निगम चुनावों में उनके झूठे वादों के झांसे में नहीं आने वाली। निगम चुनावों में आप सबसे निचले स्थान पर रहेगी। 


 

Advertising