कार सर्विस कराते समय इन बातों का रखें खास ध्यान, आधा हो सकता है बिल
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 11:52 AM (IST)
नेशनल डेस्क : कार की नियमित सर्विस हर वाहन मालिक के लिए जरूरी होती है, लेकिन सही जानकारी के बिना सर्विस सेंटर जाने पर कई बार लोगों को जरूरत से ज्यादा खर्च उठाना पड़ता है। थोड़ी समझदारी और जागरूकता से आप न सिर्फ अपनी कार को बेहतर स्थिति में रख सकते हैं, बल्कि अनावश्यक खर्च से भी बच सकते हैं।
सर्विस से पहले करें सही तैयारी
कार सर्विस पर ले जाने से पहले सबसे जरूरी है कि आप अपनी गाड़ी की सभी समस्याओं को खुद पहचान लें। जैसे—आवाज आना, माइलेज कम होना या ब्रेक में दिक्कत। जब आप मैकेनिक को स्पष्ट रूप से समस्याएं बताएंगे, तो वह सही काम करेगा और फालतू चीजें जोड़ने की संभावना कम हो जाएगी।
सर्विस के दौरान खुद रहें मौजूद
अक्सर लोग कार को सर्विस सेंटर पर छोड़कर चले जाते हैं, जो कि सही तरीका नहीं है। आपकी गैर-मौजूदगी में कई बार अनावश्यक काम जोड़ दिए जाते हैं या काम सही तरीके से नहीं होता। यदि आप सर्विस के समय वहीं मौजूद रहते हैं, तो काम पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से होता है।
पार्ट्स और ऑयल की क्वालिटी जरूर जांचें
जब भी सर्विस के दौरान कोई पार्ट बदला जाए या इंजन ऑयल डाला जाए, तो उसकी क्वालिटी और ब्रांड के बारे में जरूर पूछें। कई बार सस्ते या घटिया पार्ट्स का इस्तेमाल कर दिया जाता है, जिससे बाद में बड़ी समस्या और ज्यादा खर्च हो सकता है। हमेशा अच्छी गुणवत्ता का सामान ही लगवाना समझदारी है।
सर्विस के बाद बिल की जांच करना न भूलें
सर्विस पूरी होने के बाद मिलने वाले बिल को ध्यान से पढ़ना बेहद जरूरी है। कई बार उसमें ऐसे चार्ज जोड़ दिए जाते हैं, जो जरूरी नहीं होते। अगर आप हर आइटम को ध्यान से जांचेंगे, तो गलत या अतिरिक्त खर्च से बच सकते हैं।
इन तरीकों से बचाएं अपना पैसा
1. इंजन फ्लश से बचें
कई सर्विस सेंटर इंजन में गंदगी जमा होने का बहाना बनाकर इंजन फ्लश कराने की सलाह देते हैं। जबकि अगर आप समय पर सर्विस कराते हैं, तो इसकी जरूरत नहीं होती। इस अनावश्यक प्रक्रिया से बचकर आप लगभग 1000 से 1500 रुपये तक बचा सकते हैं।
2. वाइपर फ्लूइड चार्ज पर ध्यान दें
बिल में अक्सर 50 से 100 रुपये वाइपर फ्लूइड के नाम पर जोड़ दिए जाते हैं, जबकि यह सामान्य साबुन वाला पानी ही होता है। इसे आप आसानी से खुद भी भर सकते हैं।
3. ब्रेक क्लीनिंग और ग्रीसिंग चार्ज समझें
ब्रेक क्लीनिंग और कैलीपर ग्रीसिंग के नाम पर कई बार छिपे हुए चार्ज लेबर कॉस्ट में जोड़ दिए जाते हैं। यह हर बार जरूरी नहीं होता। अगर जरूरत न हो, तो आप इसे हटवा सकते हैं और अच्छा खासा पैसा बचा सकते हैं।
