‘अर्थ आवर’ पर एक घंटे बंद रखें लाइट: डा.हर्षवर्धन

Friday, Mar 23, 2018 - 11:11 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय पर्यावरण ,वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री हर्षवर्धन ने देशवासियों से अंतरराष्ट्रीय ‘अर्थ आवर’ पर शनिवार को रात साढे आठ बजे से साढे नौ बजे तक गैर जरूरी लाइटें बंद करके जलवायु परिवर्तन के खतरे से निपटने के लिए वैश्विक यज्ञ में अपने हिस्से की आहूति देने की शुक्रवार को पुरजोर अपील की।

डा. हर्षवर्धन ने जारी संदेश में कहा कि मैं प्रकृति को हुए नुकसान की भरपाई की कार्रवाई के समर्थन में शनिवार को अपने आवास और कार्यालय में रात साढे आठ से साढे नौ बजे तक एक घंटे के लिए गैर जरूरी लाइटें बंद रखूंगा। मैं आप सबसे भी ऐसा करने का आग्रह करता हूं। उन्होंने देशवासियों से यह प्रतिज्ञा भी लेने को कहा कि पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मैं कुछ चीजें छोड़ूंगा और पृथ्वी से जुडूंगा।

डा. हर्षवर्धन ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण को टिकाऊ बनाने के लिए उपभोग की संस्कृति और आदतों में बदलाव करने के मौके के रूप में देखा जाना चाहिए। अर्थ आवर पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जमीनी स्तर से जुडा विश्व का सबसे बडा अभियान है। यह भारत की प्रकृति के लिए वैश्विक कोष वल्र्ड वाइड फंड फार नेचर इंडिया की ओर से शुरू किया गया है जिसमें 178 देशों के लोग हिस्सा लेते हैं।

यह वैश्विक संस्था दुनिया के भर के संगठनों ,संस्थाओं और लोगों से पर्यावरण की रक्षा के लिए जीवनशैली और आदतों में बदलाव के लिए प्रोत्साहित करती है। इसमें लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल,जीवाश्म ईंधन,कार में अकेले यात्रा करने ,ई-कचरा फेंकने और कागज का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बंद करने जैसे कदम उठाने की अपील की जाती है। 

Punjab Kesari

Advertising