KBC 9 की पहली करोड़पति बनी झारखंड की यह महिला

Saturday, Sep 30, 2017 - 01:01 PM (IST)

जमशेदपुर: ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 9 को अपना पहला करोड़पति मिल गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली अनामिका मजूमदार इस सीजन की पहली करोड़पति बनी है। रिपोर्ट के अनुसार वह 7 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गई थी लेकिन उन्होंने रिस्क नहीं लेते हुए 1 करोड़ रुपये जीतकर अपना खेल खत्म करना ठीक समझा।

अनामिका रविवार शाम को मुंबई से जमशेदपुर पहुंचेंगी। पेशे से सोशल वर्कर अनामिका दो बच्चों की मां है। वह ‘फेथ इन इंडिया’ नाम से एक एनजीओ चलाती हैं। केबीसी 9 में जीती गई धनराशि का इस्तेमाल वह झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों तक अपने एनजीओ की सेवाएं पहुंचाने के लिए करेंगी। अनामिका एक डांसर भी हैं। इसलिए उनके घर के पास स्लम में रहने वाले कुछ बच्चों को वो अपने घर में डांस भी सिखाती थी। अनामिका ने नोटबंदी के कुछ दिनों बाद केशलेश इंडिया के लिए भी एक नाटक किया था, जिसमें बतौर मुख्यातिथि झारखंड के सीएम रघुवर दास शामिल हुए थे। 

अनामिका ने स्कूल के बाहर इडली बेचने वाली एक महिला को भी केशलेश तरीके से कमाई करने का उपाय बताया था। उन्होंने स्वर्णरेखा नदी को बचाने के लिए भी नदी किनारे एक नाटक पेश किया था, जिसे लोगों ने काफी सरांहा था। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार बीते वीरवार को गोरेगांव फिल्मसिटी में इस एपिसोड की शूटिंग पूरी हुई। इस एपिसोड में अनामिका 7 करोड़ के सवाल तक पहुंच गई थीं लेकिन उन्होंने ज्यादा रिस्क न लेते हुए क्विट करना ही ठीक समझा और एक करोड़ की धनराशि अपने नाम की। केबीसी का यह सीजन एक महीना पूरा कर चुका है, लेकिन अब तक कोई भी प्रतिभागी करोड़पति नहीं बन पाया था।

Advertising