हमारे परिवार की वजह से भारत के साथ है कश्मीर : विक्रमादित्य सिंह

Wednesday, Apr 03, 2019 - 01:25 PM (IST)

जम्मू : महाराजा हरि सिंह के पौत्र और उधमपुर-डोडा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज अगर कश्मीर भारत के साथ है तो सिर्फ उनके परिवार और जवाहर लाल नेहरू की बदौलत है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार राज्य का राजपरिवार है और अपने लोगों से दिल से जुड़ा हुआ है। हीरानगर में जनसभा को संबोधित करते हुये सिंह ने कहा कि हम यहीं पर पैदा हुये और पले-बढ़े और डोगरा प्रदेश के सम्मान के लिए काम कर रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद इस बात का निर्णय लें कि किसने उनके लिए काम किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने लड़ाई लड़ी और उनके दादा जी महाराज हरि सिंह ने जवाहर लाल नेहरू के साथ मिलकर इस बात को सुनिश्चित किया कि जम्मू कश्मीर भारत का हिस्सा रहे। भाजपा उम्मीदवार और सांसद जतिन्द्र सिंह पर आरोप लगाते हुये उन्होंने कहा कि जतिन्द्र सिंह ने सिर्फ वोट लिये और लोगों के लिए कोई काम नहीं किया। अगर वह लोगों से वोट मांगने आते हैं तो उन्हें पूछा जाना चाहिये कि उनका काम क्या रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा शुरू किये गये प्रोजेक्ट हैं जिनका रिब्बन मोदी जी काट रहे हैं और श्रेय ले रहे हैं।
 

Monika Jamwal

Advertising