कश्मीर में जमा देने वाली सर्दी, बर्फीले तूफान और हिमस्खलन का अलर्ट जारी

Thursday, Jan 18, 2018 - 10:46 AM (IST)

श्रीनगर: कश्मीर घाटी में बर्फीली हवाओं का दौर जारी है और क्षेत्र में बादल भी छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने घाटी में कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया है। लद्दाख में पारा शून्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में करगिल का तापमान शून्य से 19 डिग्री नीचे रहा और यह जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि लेह में तापमान शून्य से 13.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में रात का तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकरनाग में तापमान शून्य से दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। पहलगाम में रात के तापमान में थोड़ा सुधार दर्ज किया गया। यहां बीती रात तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि इससे पहले की रात यहां पारा शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था। गुलमर्ग में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


7 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी
कश्मीर प्रशासन ने घाटी के सात जिलों में शाम तक हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की है। घाटी में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश अथवा बर्फबारी के पूर्वानुमान के मद्देनजर यह चेतावनी जारी की गई है। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि कश्मीर के अतिरिक्त आयुक्त के अनुसार, हिमस्खलन की चेतावनी कश्मीर संभाग के हिमस्खलन संभावित इलाकों के लिए जारी की गई है, जिसमें अनंतनाग, कुलगाम, बड़गाम, बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गंदेरबल जिले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह चेतावनी गुरुवार शाम पांच बजे तक के लिए है। प्रवक्ता ने बताया, ‘‘सभी संबंधित उपायुक्तों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा गया है, चेतावनी के समय के दौरान आम जनता से इन इलाकों में नहीं जाने की अपील की गई है।’’

Advertising