कर्नाटकः शुक्रवार को शपथ ले सकते हैं येदियुरप्पा, RSS दफ्तर पहुंचे पूर्व CM

Wednesday, Jul 24, 2019 - 12:53 PM (IST)

बेंगलुरुः कर्नाटक में एच.डी. कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली जदएस-कांग्रेस सरकार के मंगलवार को राज्य विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने में विफल रहने के तुरंत बाद कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि वह पार्टी के केंद्रीय नेताओं से सलाह लेने के बाद ही राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि यह (हार) लोकतंत्र की जीत है। वहीं सूत्रों के मुताबिक येदियुरप्पा शुक्रवार को पर्देश के अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसी बीच वे बुधवार को आरएसएस दफ्तर पहुंचे। वहीं वे लगातार दिल्ली से भी नेताओं से बात कर रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक जैसे ही दिल्ली से कोई सिग्नल मिलेगा वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। इससे पहले मंगलवार को येदियुरप्पा ने कहा था कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और (पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी से चर्चा करूंगा, उसके बाद राज्यपाल से मिलूंगा। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि अब विकास के एक नये युग की शुरुआत होगी। कर्नाटक के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके येदियुरप्पा ने कहा कि उनका ध्यान सूखे और अन्य समस्याओं से ग्रस्त किसानों पर रहेगा।

उन्होंने कहा कि हमारे किसान सूखे और अन्य कारणों से पीड़ित हैं। हम कर्नाटक के लोगों को आश्वस्त करते हैं कि हम आने वाले दिनों में किसानों को अधिक महत्व देंगे ताकि वे खुशहाल जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के सत्ता संभालने के बाद वह जल्द से जल्द एक उचित निर्णय लेंगे। कर्नाटक में कांग्रेस-जदएस सरकार विश्वासमत हासिल करने में विफल रही है और उसे 99 वोट मिले जबकि उसके खिलाफ में 105 पड़े। इससे राज्य में लगभग तीन सप्ताह से अधिक समय से जारी राजनीतिक नाटक का अंत हो गया।

Seema Sharma

Advertising