कर्नाटकः येदियुरप्पा ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, जानिए क्या कहा?

Friday, Mar 01, 2019 - 07:01 PM (IST)

बेंगलुरूः कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य में 28 सीटें जीताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 300 से ज्यादा सीटें जीतने की आकांक्षा को पूरा करें।

10 शक्ति केद्रों को किया गया संबोधित
संसदीय चुनावों के लिए 10 शक्ति केंद्रों के प्रमुखों को संबोधित करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, हमें 300 से ज्यादा सीटें जीतकर मोदीजी की अपेक्षा पर खरा उतरना होगा, हमें कर्नाटक में सभी 28 सीटें जीतनी होगी। यह हमारा दायित्व है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूर्णकालिक कार्यकर्ता के तौर काम करने को कहा जैसे कि पद संभालने के बाद से मोदी काम कर रहे हैं।

तारीखों का ऐलान किसी भी समय हो सकता है
चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर सघन अभियान चलाने के लिए कार्यकर्ताओं से मेरा बूथ सबसे मजबूत’ का आह्वान करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि चुनाव तारीखों की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुखों को याद दिलाया कि प्रधानमंत्री के पास भारत को दुनिया में महाशक्ति के तौर पर देखने का एक नजरिया है। इसलिए यह पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि उनके इस प्रयास के लिए उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाएं।

शौर्य का परिचय देने वाले मिग-21 के पायलट अभिनंदन वर्धमान की सराहना करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि बिना किसी देरी के उनको रिहा करने या नतीजा भुगतने की मोदी की चेतावनी के बाद पाकिस्तान उन्हें रिहा करने को राजी हुआ।

 

Yaspal

Advertising