कर्नाटक में शिवकुमार युग की शुरुआत: मुख्यमंत्री पद की शपथ आज, कनकपुरा में समर्थकों ने की विशेष पूजा
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 09:44 AM (IST)
नेशनल डेस्क: कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके गृहनगर कनकपुरा में विशेष पूजा-अर्चना की। शिवकुमार के निर्वाचन क्षेत्र कनकपुरा में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता को बधाई देने वाले बड़े-बड़े बैनर, पोस्टर और कटआउट उनके आवास के आसपास लगाए गए हैं, जहाँ समर्थक ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। शेड्यूल के मुताबिक, डीके शिवकुमार आज शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह नेतृत्व परिवर्तन निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए फैसले के तहत हो रहा है।
चरणों में होगा कैबिनेट का गठन
जश्न के बीच, कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिया है कि नई कैबिनेट का गठन चरणों में किया जाएगा। कांग्रेस विधायक टीबी जयचंद्र ने बताया कि पहले दौर में मुख्यमंत्री के साथ कुछ चुनिंदा मंत्री शपथ ले सकते हैं। "आलाकमान ने तय कर दिया है कि डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की कमान संभालेंगे। मुझे मिली जानकारी के अनुसार, मंत्रियों का पहला जत्था आज ही मुख्यमंत्री के साथ शपथ ले सकता है। चूंकि विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव 18 जून तक चलने वाले हैं, इसलिए कैबिनेट विस्तार का दूसरा चरण इसके बाद ही होने की संभावना है।"
कांग्रेस सांसद प्रभा मल्लिकार्जुन ने भी इस समारोह को लेकर उत्साह व्यक्त किया और कहा कि पार्टी कार्यकर्ता उस ऐतिहासिक पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब शिवकुमार औपचारिक रूप से कार्यभार संभालेंगे।
वरिष्ठता ही एकमात्र पैमाना नहीं: रायरेड्डी
दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक बसवराज रायरेड्डी ने स्पष्ट किया कि मंत्रियों के विभागों को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कैबिनेट में जगह देने के लिए केवल वरिष्ठता को ही पैमाना नहीं बनाया जाएगा, बल्कि आलाकमान क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन सहित कई अन्य कारकों पर विचार कर रहा है। इससे पहले मंगलवार को खुद डीके शिवकुमार ने कैबिनेट नियुक्तियों को लेकर चल रही मीडिया की अटकलों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आलाकमान शपथ ग्रहण समारोह से पहले मंत्रियों की आधिकारिक सूची जारी कर देगा।
गौरतलब है कि इस नेतृत्व परिवर्तन को सुचारू रूप से अमलीजामा पहनाने के लिए हाल ही में दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के साथ एक अहम बैठक की थी, जिसमें कैबिनेट नियुक्तियों और राज्यसभा नामांकन जैसे सांगठनिक मुद्दों पर अंतिम मुहर लगाई गई थी।
