20 लाख खर्च कर इंद्र देवता को मनाएगी कर्नाटक सरकार

Friday, Jun 02, 2017 - 08:18 PM (IST)

बेंगलुरु: पिछले 3 साल से कर्नाटक में उम्मीद से कम बारिश हो रही है। इसके बाद राज्य के जल संसाधन मंत्रालय ने इंद्र देवता को खुश करने के लिए परजन्या पूजा कराने का फैसला किया है। अच्छी बारिश के लिए करवाए जाने वाले इस धार्मिक आयोजन पर 20 लाख रुपए खर्च किया जा रहे हैं। प्रदेश की 2 प्रमुख नदियों के लिए यह पूजा कराई जाएगी। पहले पूजा का आयोजन कृष्णा नदी के लिए शुक्रवार को की गई। यह पूजा महाबलेश्वर-पुणे में कृष्णा नदी के किनारे पूरे विधि-विधान से कराई गई। इसके बाद 4 जून को कावेरी नदी के किनारे भागमंडला में पूजा का आयोजन होगा।

पूजा के आयोजन में किसी तरह की कोई कसर न रहे इसके लिए महाबलेश्वर में खास तौर पर केरल से सिद्ध पंडित बुलाए गए हैं। साथ ही केरल से कुछ ज्योतिषाचार्यों को भी बुलाया गया है। पिछले साल नवंबर में इस पूजा के लिए मुहूर्त तय किया गया था। सिद्धारमैया सरकार का कहना है कि पिछले साल भी राज्य में सूखा पड़ा था और अगर इस साल भी अच्छी बारिश नहीं हुई तो किसान नुकसान बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। इसलिए पार्टी अधिकारियों के साथ हुई बैठक में पूजा करवाने का फैसला किया गया।

इससे पहले भाजपा सरकार ने जब इसी पूजा को करवाने की बात कही थी तब विपक्ष में बैठी कांग्रेस और सिद्धारमैया ने इसे अंधविश्वास कहकर विरोध किया था। विपक्षी दल के विरोध के बाद उस समय की भाजपा सरकार ने यह पूजा रद्द करवा दी थी।
 

Advertising