कर्नाटक: बाढ़ राहत सहायता पर देवगौड़ा करेंगे प्रदर्शन का नेतृत्व

Monday, Oct 07, 2019 - 08:40 PM (IST)

बेंगलुरू: पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने सोमवार को कहा कि वह बाढ़ राहत सहायता पर केंद्र की ‘बेरुखी' के खिलाफ 10 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क से राज्य सचिवालय ‘विधानसौध' तक प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। जद(एस) सुप्रीमो ने कहा कि राज्य सरकार ने 35,000 करोड़ रुपए की मांग की थी लेकिन केंद्र ने केवल 1200 करोड़ रुपए जारी किए। इससे कोई भी मकसद पूरा नहीं होगा। देवगौड़ा ने चिकबल्लापुर जिले के कैवाड़ा में कहा,‘विधानसभा सत्र 10 अक्टूबर से शुरू होगा। 

बाढ़ पीड़ितों के प्रति असंवेदनशीलता दिखाने के लिए केंद्र के खिलाफ हम गांधी प्रतिमा से फ्रीडम पार्क तक मार्च निकालेंगे।'उन्होंने कहा,‘मैं गांधी प्रतिमा से फ्रीडम पार्क तक पदयात्रा में शामिल रहूंगा। हमारे सभी नेता और बाढ़ प्रभावित लोग रैली में हिस्सा लेंगे।' देवगौड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी संसद और कर्नाटक विधानसभा के अंदर- बाहर प्रदर्शन करेगी। देवगौड़ा के पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने भी महज 1200 करोड़ रुपए जारी करने के लिए केंद्र की आलोचना की। 

जद (एस) के साथ कांग्रेस ने भी केंद्र पर कर्नाटक में बाढ़ पीड़ितों के प्रति बेरुखी का आरोप लगाया है। दोनों दल राज्य के विभिन्न हिस्से में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अगस्त में बाढ़ के कारण राज्य के 30 में 22 जिले बुरी तरह प्रभावित हुए थे। बाढ़ के कारण 84 लोगों की मौत हो गई थी। राज्य में 1.5 लाख मकान क्षतिग्रस्त हो गए और 5.5 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई।

shukdev

Advertising